News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. जोगी खेमे के विधायक नेता प्रतिपक्ष महेन्द्र कर्मा के घर बैठक से परहेज करते रहे हैं। माना जा रहा है कि विधायक दल के उपनेता भूपेश बघेल के जोगी परिवार पर आरोपों की गूंज रविवार की बैठक में सुनाई दे सकती है।
कांग्रेस विधायक दल की बैठक रविवार को शाम 7 बजे श्री कर्मा के निवास पर होनी है। बैठक प्रदेश प्रभारी वी नारायण सामी लेने वाले थे। वे तय करते कि विधानसभा के मानसून सत्र में कांग्रेस को क्या रूख अपनाना है।
जोगी खेमे के करीब दो दर्जन विधायक शुरु से ही नेता प्रतिपक्ष के निवास पर बैठक से कतराते रहे हैं। श्री सामी का यहां आना एकाएक टल गया है। उन्होंने पीसीसी के प्रभारी सचिव मिर्जा इरशाद बेग को बैठक लेने कहा है।
बैठक में पीसीसी अध्यक्ष धनेन्द्र साहू व कार्यकारी अध्यक्ष चरणदास महंत व सत्यनारायण शर्मा भी रहेंगे। विधायक दल के उपनेता भूपेश बघेल ने अजीत जोगी को अपने पुत्र अमित जोगी पर लगाम कसने की सलाह देकर नया विवाद खड़ा कर दिया है।
उन्होंने अमित जोगी पर उन्हें हराने का षड्यंत्र रचने का खुला आरोप भी लगाया है। सूत्रों का दावा है कि जोगी खेमा अब जवाब देने की तैयारी में है। बैठक में उनके समर्थक जवाबी हमला बोल सकते हैं।
जोगी को जानकारी नहीं
पूर्व मुख्यमंत्री व सांसद अजीत जोगी आज शाम नियमित विमान से रायपुर पहुंचे। सागौन बंगले में पत्रकारों से चर्चा में उन्होंने श्री बघेल द्वारा लगाए गए आरोपों के बारे में जानकारी नहीं होने की बात कही। उन्होने कहा कि वे जानकारी लेकर ही कुछ कह पाएंगे। वे रात तक अपने समर्थकों से मुलाकात करते रहे।
पार्टी की सेहत की फिक्र
श्री बघेल के बयान को जोगी समर्थकों ने अनुशासनहीनता करार देते हुए पार्टी की सेहत के लिए नुकसानदेह बताया है। पीसीसी के प्रवक्ता इकबाल अहमद रिजवी ने कहा कि ऐसा कृत्य अनुशासनहीनता की परिधि मे आता है और ऐसे लोगों के लिए 6 साल के निष्कासन का प्रावधान है।
पिछड़ा वर्ग विकास संगठन के प्रदेश अध्यक्ष भगवानू नायक व महिला विग की अध्यक्ष विभा साहू ने कहा कि श्री बघेल ने चार साल में सारी सीमाएं लांघ दी हैं। एनएसयूआई के पूर्व महासचिव संजीव शुक्ला ने कहा कि जोगी परिवार की बढ़ती लोकप्रियता से चिढ़कर श्री बघेल विरोध कर रहे हैं।
सांसद किदवई ने दी सौगात
छत्तीसगढ़ से राज्यसभा में कांग्रेस सांसद मोहसिना किदवई ने सांसद निधि से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यो के लिए 60 लाख की मंजूरी दी है। पीसीसी सचिव राजेश बिस्सा ने बताया कि ग्राम विलेगढ़ धरसींवा में कम्युनिटी सेंटर बनाने 2लाख, गौरेल्ला, बेल्गदना तथा रतनपुर जिला बिलासपुर में स्थित कब्रिस्तान विकास व बाउंड्रीवाल हेतु 7लाख, राजनांदगांव तेली समाज के भवन के लिए 2 लाख, ग्राम पिरदा में गली बनाने 4लाख की स्वीकृति दी गई। इसी तरह, दामाखेड़ा धरसींवा में धर्मशाला बनाने 5लाख, सुंदरलाल शिक्षण समिति स्कूल को भवन निर्माण विस्तार के लिए 5 लाख रुपए दिए गए हैं।
तथा आदिवासी विकास उमाशाला, कल्लू बंजारी, राजनांदगांव में हास्टल बनाने 1लाख, जशपुर में आरसीसी ब्रिज के लिए 4लाख एवं कब्रिस्तान बाउंड्रीवाल के लिए 3लाख दिए जाएंगे। साथ ही पलारी प्रेस क्लब भवन के लिए 2.40लाख, ग्राम खुखरी में गली बनाने 4लाख, साहू समाज गिरोला को सामाजिक भवन बनाने 4लाख तथा राजीव गांधी विचार संस्थान अभनपुर में कम्युनिटी सेंटर बनाने 4 लाख रुपए दिए गए हैं।