News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. बोड़सरा बाड़ा मामले पर सर्व समाज के छत्तीसगढ़ बंद का राज्य में मिला-जुला असर रहा। रायपुर में बंद समर्थकों ने दो जगह यात्री वाहनों में तोड़फोड़ की। पुलिस ने तोड़फोड़ करनेवालों को गिरफ्तार किया तो उनके समर्थकों ने थाना घेर लिया। फिंगेश्वर में व्यापारियों से मारपीट के बाद दोपहर बाद तक हालात तनावपूर्ण रहे।
सतनामी समाज के समर्थन में सामने आए सर्व समाज के कार्यकर्ता सुबह 4 बजे से ही दुकानें बंद कराने निकल पड़े। रायपुर में बंद का खासा असर देखा गया। खमतराई में दोपहर को एक आटो में तोड़फोड़ के बाद पुलिस ने कुछ युवकों को गिरफ्तार किया तो तनाव फैल गया।
बड़ी संख्या में बंद समर्थकों ने खमतराई थाना घेरा तथा मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। मामला बिगड़ने लगा तो पुलिस ने गिरफ्तार लोगों को नि:शर्त रिहा किया। इसके कुछ देर बाद धरसींवा में मिनीडोर का कांच तोड़ने के बाद दोनों पक्ष भिड़ गए और कुछ देर तक मारपीट हुई। इसमें दो युवकों को चोटें आई हैं।
सिमगा में जाम
रायपुर-बिलासपुर मार्ग के प्रमुख कस्बे सिमगा में बंद का व्यापक असर देखा गया। यहां दिनभर दुकानें बंद रहीं। तीन घंटे चक्काजाम के कारण हर तरफ वाहनों की कतार लग गई। राजिम विधानसभा के फिंगेश्वर में सतनाम सेना के लोगों ने दुकानें बंद न करने पर व्यापारियों की पिटाई कर दी। विरोध में व्यापारियों ने पुलिस चौकी का घेराव कर दिया। हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होने के बाद ही व्यापारी हटे।
तिल्दा नेवरा, भाटापारा, बलौदाबाजार, गरियाबंद, राजिम पूरी तरह बंद रहा। महासमुंद में बंद बेअसर रहा। खबर मिली है कि वहां किसी ने बंद का आह्वान ही नहीं किया। जगदलपुर, दंतेवाड़ा, धमतरी, कांकेर व भिलाई में बंद का मिलाजुला असर देखा गया। यहां बाजार लगभग खुले रहे। हमारे भिलाई संवाददाता के मुताबिक स्कूल, कालेज तथा अधिकांश दुकानें खुली रहीं। दल्लीराजहरा में बंद आंशिक रहा। उतई और नवागढ़ बंद रहे।