News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर.
बोड़सरा बाड़ा सतनामी समाज को सौंपने और गुरु बालदास की रिहाई की मांग को लेकर सतनामी व सर्वसमाज के आव्हान पर शहर में बंद का खासा असर रहा। कई इलाकों में स्वस्फूर्त बंद रहा। कहीं-कहीं बंद करवाने की कोशिश में तनाव के हालात बने रहे।
लाठियों से लैस बंद समर्थकों ने अलसुबह रेलवे, बसस्टैंड और सब्जी मंडी में धावा बोला। अनहोनी की आशंका से व्यापारियों ने भी दुकानें नहीं खोली। स्कूल, कालेजों में सन्नाटा रहा। बैंक बंद कराने पहुंचे लोगों का विवाद भी हुआ।
गुढ़ियारी, तेलीबांधा से बंद कराने युवकों की टोली सुबह करीब 3.30 बजे ही निकल पड़ी थी। आटो व बाइक पर सवार इन युवकों ने लाठियां थाम रखी थीं। रेलवे व बस स्टैंड के अलावा शास्त्री बाजार सब्जी मंडी से बंद समर्थकों ने लोगों को खदेड़ना शुरु किया।
रथयात्रा की ड्यूटी के बाद पुलिस की रात की गश्त भी कमजोर दिखी। बंद समर्थकों ने चाय -पान की दुकानें और होटलें भी नहीं खुलने दी। दिन निकलते ही वे बाजारों के अलावा गली मोहल्लों में दुकानें बंद करवाने लगे। दोपहर में गुढ़ियारी स्थित एक बैंक को बंद करवाने पहुंचे युवकों को झड़प भी हुई। दोपहर तक सन्नाटे के बाद शाम को पेट्रोल पंप, सिनेमाघरों और बाजारों में रौनक लौटने लगी।
ताकत रमन के खिलाफ: मंडल
बोड़सरा विवाद को लेकर सर्व समाज ने छत्तीसगढ़ बंद करवाया। सतनामी समाज के वरिष्ठ नेता नरसिंह मंडल ने बंद को सफल बताते हुए कहा कि यह मुख्यमंत्री रमन सिंह के खिलाफ दिखाई गई ताकत है। उन्होंने बंद को समर्थन देने के लिए लोगों का आभार भी माना। बंद को कांग्रेस, बसपा, शिवसेना, भाकपा, छविपा, सपा, जय छत्तीसगढ़, सतनाम सेना समेत कई संगठनों ने समर्थन दिया।
पांच मांगें
सर्व समाज ने बोड़सरा के मामले में सरकार के समक्ष पांच मांगें रखी हैं। इनमें बोड़सरा बाड़ा सतनामी समाज को सौंपने, धर्म गुरु बालदास व अन्य संतों की नि:शर्त रिहाई, जेल में मृत लोगों के परिवार को मुआवजा, बोड़सरा व आसपास के गांवों में लूटपाट व प्रताड़ना के शिकार सतनामी समाज के लोगों को मुआवजा व पूरी घटना की सीबीआई जांच कराने की मांग शामिल है।
जनता सरकार से त्रस्त : कांग्रेस
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष धनेन्द्र साहू, कार्यकारी अध्यक्ष चरणदास महंत व सत्यनारायण शर्मा ने कहा बंद की सफलता से साबित हो गया है कि जनता रमन सरकार की तुगलकी नीति से त्रस्त है। लोगों ने सतनामी समाज की भावनाओं के साथ अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया है। गुरू बालदास पर संगीन धाराएं लगाकर गिरफ्तार किया जाना घोर निंदनीय है। उन्हें तत्काल रिहा करना चाहिए।
सर्वसमाज की जीत
छत्तीसगढ़िया सेना के अध्यक्ष कुबेर सपहा ने कहा कि बंद की सफलता सर्वसमाज की जीत है। सतनाम रक्षा मंच, छत्तीसगढ़ सिंधी कांग्रेस, बौद्ध महासभा, पिछड़ा वर्ग विकास संगठन, हुसैनी सेना ने बंद को सफल बताते हुए लोगों का आभार माना है।