News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. बस स्टैंड चौक पर सिटी बस खड़ी होने के कारण लंबा जाम लग गया। एसपी प्रदीप गुप्ता ने वायरलेस सेट पर निर्देश दिया, लेकिन चौक पर तैनात पुलिसकर्मियों ने संदेश नहीं सुना। इस लापरवाही के लिए एसपी श्री गुप्ता ने एक एसआई समेत तीन आरक्षकों को सस्पेंड कर दिया। सिटी बस के ड्राइवर पर भी जुर्माना किया गया है।
आज सुबह एक सिटी बस चौक पर खड़ी थी। भारी भरकम आकार के कारण पीछे से आने वाली गाड़ियों को निकलने के लिए रास्ता नहीं मिल सका। चौक पर एसआई टीआर गौतम, आरक्षक रामकुमार खांडेकर, हेमंत तोड़ेकर व नीनिश मेहर की ड्यूटी थी। जाम से अनजान वे मोटर व्हीकल की कार्रवाई में व्यस्त थे।
इसकी सूचना एसपी श्री गुप्ता को मिली तो उन्होंने वायरलेस सेट पर जाम नियंत्रित करने के निर्देश दिए। इस संदेश को कोई भी पुलिसकर्मी नहीं सुन सका। इस बीच जानकारी होने पर डीएसपी ट्रैफिक सुशील डेविड बस स्टैंड चौक पहुंचे।
उन्होंने सिटी बस को ट्रैफिक थाने में खड़ी करने आदेश दिया और बस हटाकर रास्ता साफ करवाया। सिटी बस चालक को जुर्माना किया गया। इधर ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर एसपी श्री गुप्ता ने नाराजगी दिखाई और उन्हें सस्पेंड करने के आदेश दिए हैं।