अजमेर.
ख्वाजा साहब के उर्स की रौनक धीरे-धीरे परवान चढ़ने लगी है। शहर में शनिवार तक 13 हजार जायरीन पहुंच चुके थे। मुंबई से अकीदतमंदों की खिदमत के लिए रजाकारों का 250 सदस्यों का दल भी पहुंच चुका है। देर रात को दरगाह के अहाता-ए-नूर में उर्स की दूसरी महफिल हुई। सूफियाना कलामों पर अकीदतमंद झूमने पर मजबूर हो गए।
इधर प्रशासन व पुलिस ने माकूल इंतजाम का दावा किया है। जुमे की नमाज के लिए भी विशेष व्यवस्था की जा रही है। इस बीच उम्मीद जताई जा रही है कि एक दो दिन में जायरीन की आवक का सिलसिला रफ्तार पकड़ लेगा।
दरगाह क्षेत्र के दुकानदारों ने भी अच्छी बिक्री की उम्मीद में दुकानों को खासतौर पर सजा रखा है। जुलूस के रूप में चादर लाने वाले जायरीन का सैलाब उमड़ने से इलाके में रौनक बढ़ती जा रही है।
खिदमत से मिलता है सुकून
इंसानी खिदमत का जज्बा ख्वाजा गरीब नवाज के दर खींच लाता है। बिछुड़े लोगों को परिवार से मिलाने, जख्मियों को अस्पताल पहुंचा कर और रास्ता भटक गए लोगों को रास्ता बताने में दिली सुकून मिलता है। गरीबनवाज के उर्स में जायरीन की खिदमत के लिए आए रजाकारों ने ‘भास्कर’ से बातचीत में इन ख्यालात का इजहार किया।
.. मोहब्बत की तालीम
>> ख्वाजा साहब ने लोगों को मोहब्बत की तालीम दी है। पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब का भी कथन है कि इंसानों की खिदमत करने वाले बंदों से अल्लाह मोहब्बत करता है। इसी तालीम पर अमल करते हुए मोहब्बत फैलाने चले आते हैं।
सैयद अमीन कादरी, मालेगांव
रुहानी सुकून मिलता है
>> जायरीन की खिदमत कर रूहानी सुकून मिलता है। इसे हासिल करने के लिए ही कारोबार और बच्चों को छोड़ कर यहां आता हूं। हर छठी शरीफ में हम यहां आएं, हमारी तो यही दुआ है।
शेख इरशाद मोहम्मद, नासिक
.. ख्वाजा के दर ही होता है
>> हिंदल वली की छठी शरीफ के सदके में छठा साल है यहां लोगों की खिदमत के लिए आने का। बिछुड़े लोगों को मिलाने समेत विभिन्न खिदमत अंजाम देने के लिए प्रैक्टिल का सबसे बेहतर दर ख्वाजा का दर है।
रोहेब रजा, मुंबई
बस नजर-ए-करम हो जाए
>> ख्वाजा की नजर-ए-करम हो जाए तो आना कामयाब हो जाए। चार साल पहले आना शुरू किया था। लोगों की अपनाईयत और सहयोग को देखते हुए हर साल आने की तमन्ना होती है।
अंसारी वकार अहमद, भिवंडी
नमाज का वक्त
नमाज संदलखाना शाहजहांनी अकबरी
फज्र 5 बजे 5.10 5.20
जोहर 1.50 2.00 2.10
अस्र 5.45 5.55 6.05
मगरिब 7.33 7.33 7.33
इशा 9.15 9.25 9.35
एक और कैमरा लगाया
ख्वाजा साहब की दरगाह में शनिवार को एक और उच्च क्षमता का कैमरा लगा दिया गया है। अब उच्च क्षमता के कैमरों की संख्या बढ़ कर 7 हो गई है। दरगाह परिसर में महफिलखाना गेट के पास और साहिबजादी साहिबा के मजार के सामने कैमरा लगाया गया है। ये कैमरा दरगाह में सुरक्षा इंतजामों के मद्देनजर लगाया गया है।
महत्वपूर्ण टेलीफोन नंबर
पुष्कर रोड, विश्राम स्थली कैंप 2600630
पुष्कर रोड, विश्राम स्थली पूछताछ केंद्र 2600620
कायड़ विश्राम स्थली 2788320
ट्रांसपोर्ट नगर 2683620
एंबुलेंस और फायर बिग्रेड 101
रेलवे इनक्वायरी 131 व 139
बस स्टैंड पूछताछ 2429398