जयपुर. अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए शिवदासपुरा के आगे कुछ और गांवों की जमीन भी ली जाएगी। इसके लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी ने पांच किमी लंबी और दो किमी चौड़ी पट्टी की जरूरत बताई है। अभी 2.9 किमी लंबी पट्टी में जमीन चिह्न्ति कर रखी हैं जो अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के रनवे के हिसाब से पर्याप्त नहीं है।
नगरीय विकास विभाग के प्रमुख सचिव डी.बी. गुप्ता की अध्यक्षता में शनिवार को हुई बैठक में तय किया गया कि हवाई अड्डे के लिए कितनी और जमीन चाहिए, इसके लिए जेडीए एक बार सर्वे करे। रिपोर्ट मिलने के बाद यह जमीन हवाई अड्डे के लिए आरक्षित कर दी जाएगी।
जमीन का आगे खरीद-बेचान नहीं हो सके। हालांकि इस क्षेत्र में 90 बी पर अभी भी रोक लगी हुई है।बैठक के बाद गुप्ता ने बताया कि अवाप्त की जाने वाली जमीन के लिए हवाई अड्डा प्राधिकरण की स्वीकृति मिलने के बाद ही अवाप्ति की कार्यवाही की जाएगी।
सांगानेर एयरपोर्ट की तरह हवाई अड्डा प्राधिकरण को पूर्व से पश्चिम की दिशा वाली जमीन रनवे के लिए चाहिए। जबकि अभी जो जमीन चिन्हित की है, वह उत्तर से दक्षिण की दिशा में है। इससे उड़ानों के आवागमन में परेशानी होगी।