HomeNewsRajasthanBikaner Bikaner

पांव पसारने लगा मलेरिया, चार भर्ती

बीकानेर. मानसून नजदीक आते-आते मलेरिया पांव पसारने लगा है। इक्का-दुक्का मलेरिया रोगी जहां आए दिन अस्पताल पहुंच रहे हैं वहीं शुक्रवार रात को बीते 24 घंटों में ही चार रोगी अस्पताल पहुंच गए। इनमें से एक खतरनाक मलेरिया फेल्सीपेरम (पीएफ) से पीड़ित है वहीं तीन रोगियों को मलेरिया वाइवैक्स (पीवी) रिपोर्ट हुआ है। पीबीएम अस्पताल में भर्ती भुट्टों का बास निवासी श्रवण को मलेरिया फेल्सीपेरम रिपोर्ट हुआ है।

शहर में पीएफ रोगी मिलने का 10 दिन में यह दूसरा मामला है। इससे पहले राजरंगों की गली में पीएफ रोगी रिपोर्ट हो चुका है। इसके साथ ही शुक्रवार को भर्ती हुए लोगों में से नोखा रोड की ओमीदेवी, बामनवाली की मैनादेवी और छत्तरगढ़ के सुनील को मलेरिया वाइवैक्स रिपोर्ट हुआ।

आंकड़ों की भाषा में बात की जाए तो इस वर्ष मलेरिया का प्रकोप पिछले साल की अपेक्षाकृत काफी कम है। गतवर्ष जहां इस महीने तक मलेरिया के कारण छह लोगों की जान जा चुकी थी वहीं इस वर्ष इस बीमारी से किसी की मौत की पुष्टि नहीं की गई है।

पीबीएम अस्पताल में अब तक 76 मलेरिया रोगी पहुंचे हैं जिनमें से 34 पीएफ और 42 पीवी रिपोर्ट हुए हैं। मलेरिया रोगियों की रिपोर्ट मिलने के बाद स्वास्थ्य महकमे ने शनिवार को भुट्टों के बास में रिपोर्ट हुए रोगी के ठिकाने को तलाशा। इस क्षेत्र में बुखार पीड़ित लोगों के रक्त नमूने लेकर जांच की जाएगी वहीं एंटी लार्वल स्प्रे की कार्रवाई होगी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: