HomeNewsRajasthanBikaner Bikaner

पुलिस से मुठभेड़ में गेंगस्टर की मौत

बीकानेर/कोलायत. कोलायत तहसील के हदां गांव के पास पुलिस और डोडा-पोस्त तस्कारों में मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से एक गेंगस्टर की मौत हो गई। पुलिस ने गेंग के दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर तीन देशी कट्टे, कारतूस के खोखे व डोडा-पोस्त बरामद किया है।

एसपी हवासिंह घुमरिया ने बताया कि शुक्रवार की रात को कोलायत थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि हिस्ट्रीशीटर प्रदीप बिश्नोई व उसकी गेंग के लोग जोधपुर की ओर से खारिया मल्लीनाथ में डोडा-पोस्त सप्लाई करने आ रहे हैं।

एसएचओ बहादुरसिंह ने देर रात को खारिया मल्लीनाथ में नाकाबंदी की। रात करीब 2.30 बजे प्रदीप बिश्नोई अपने साथियों के साथ सफेद रंग की बोलेरो केंपर गाड़ी में आया और पुलिसकर्मियों के इशारा करने के बावजूद गाड़ी भगा ले गया। पुलिस ने उसका पीछा किया तो प्रदीप की गाड़ी में बैठे लोगों ने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी। अपने बचाव में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं।

इस दौरान बोलेरो गाड़ी के पीछे डोडा-पोस्त की बोरियों पर बैठे नोखा में चरकड़ा गांव निवासी भंवरलाल कुम्हार के पेट में गोली लगी जिससे वह घायल हो गया और पीबीएम अस्पताल ले जाने पर उसकी मौत हो गई। पुलिस की गोलियों से बोलेरो गाड़ी के टायर भी फट गए। इसके बावजूद प्रदीप खारिया बास होता हुआ हदां गांव पहुंच गया जहां दोनों ओर से लगातार फायरिंग हुई।

प्रदीप वहां गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मौके से नागौर जिले के अलाय निवासी राजूसिंह को दबोच लिया। एसपी घुमरिया ने बताया कि एक अन्य काले रंग की बोलेरो गाड़ी में भी प्रदीप के साथी जोधपुर से बीकानेर की ओर आए थे।

जोधुपर के बाप थाने की पुलिस को भी इस गेंग के सदस्यों की तलाश थी और वह तस्करों का पीछा करते हुए कोलायत में चिकनिया पट्टा गांव पहुंची तो काले रंग की बोलेरो गाड़ी में सवार लोगों ने बाप थाने की पुलिस पर फायर कर दिए। बाद में बीकानेर व बाप पुलिस ने मिलकर काले रंग की बोलेरो में सवार जोधपुर के मानेवड़ा गांव निवासी राजू बिश्नोई को दबोच लिया।

पुलिस को अभियुक्तों के पास से तीन देशी कट्टे तथा जप्त की गई दोनों गाड़ियों से डोडा-पोस्त भरी छह बोरियां, चरस, कुछ नोट व माचिस बरामद हुए हैं। मौके से करीब 50 कारतूस के खाली खोखे भी मिले हैं। पुलिस ने मुठभेड़ में मारे गए भंवरलाल के शव का पीबीएम अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया है। मुठभेड़ में एसएचओ बहादुरसिंह व आरएसी के जवान राजपालसिंह के र्छे लगे हैं।

दो मुकदमे दर्ज हुए - कोलायत पुलिस थाने में एसआई बहादुरसिंह की ओर से अभियुक्तों के खिलाफ जानलेवा हमला करने, डोडा-पोस्त तस्करी करने, सरकारी काम में बाधा डालने व अवैध हथियार रखने का मामला दर्ज किया गया है।

मामले की जांच गजनेर एसएचओ को सौंपी गई है। इसके अलावा बाप पुलिस थाने के एसएचओ राजेन्द्रसिंह ने राजू बिश्नोई व अन्य के खिलाफ डोडा-पोस्त की तस्करी करने का मामला दर्ज करवाया है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: