HomeNewsMetrosChandigarh Chandigarh

अब बरसाती नाले ने ली जान

पंचकूला/चंडीगढ़. सोनिया शुक्रवार को स्कूल गई थी, लेकिन बारिश की वजह से स्कूल में जल्दी छुट्टी कर दी गई। रोज उसकी मां उसे लेने आती थी, लेकिन उस दिन वह अकेले ही घर की ओर चल पड़ी। वह घर नहीं पहुंची, शनिवार को उसकी लाश हुडा के सीवरेज डिस्पोजल प्लांट की बाउंड्री वॉल के बाहर बहते बरसाती नाले में मिली।

यह घटना इंडस्ट्रियल एरिया फेज़-1 में हुडा के सीवरेज डिस्पोजल प्लांट के पास घटी। सोनिया प्लॉट नंबर 414 में रहती थी और सेक्टर-19 के सरकारी प्राइमरी स्कूल में पहली क्लास की छात्रा थी। वह तीन भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। जिस नाले में उसकी लाश मिली, उसमें इंडस्ट्रियल एरिया का बरसाती व गंदला पानी बहता है।

सीवरेज डिस्पोजल प्लांट के भीतर से रेलवे ट्रैक के बराबर बहता यह नाला करीब चार फीट चौड़ा है। ढलान की वजह से बारिश के दौरान नाले में पानी का बहाव बढ़ जाता है। सोनिया के मुंह पर बाईं तरफ चोट के निशान मिले हैं और नाक से खून बह रहा था। इससे लगता है कि पानी में बहते हुए सोनिया का मुंह किसी सख्त चीज के साथ टकराया होगा।

सोनिया इसी नाले को पार कर स्कूल जाती और लौटती थी। सोनिया के साथ जानलेवा हादसा स्कूल से वापसी पर करीब 11.45 बजे घटा। सोनिया के चाचा मिथलेश के अनुसार वह दोस्त मुकेश के साथ सोनिया की तलाश में जीरकपुर साइड जा रहा था, रास्ते में उसे नाले के किनारे लाल रंग की चप्पल दिखी।

पहली नजर में वह चप्पल सोनिया की लगी और वह नाले के किनारे चलता गया और करीब 200 मीटर के फासले पर उसे सोनिया की लाश मिली। बहरहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर सोनिया की लाश पोस्टमॉर्टम के लिए जनरल अस्पताल भेज दी है। एएसपी मुनीष चौधरी और सीन ऑफ क्राइम टीम की प्रभारी अनीता कादियान ने भी घटनास्थल का दौरा किया।

सोनिया के पिता घनश्याम ने बताया, जिस हालत में सोनिया की लाश मिली है, यही लग रहा कि सोनिया स्कूल से लौटते वक्त नाले में बह गई। सोनिया रोज की तरह शुक्रवार को सुबह 8.00 बजे स्कूल गई थी। उसकी मां सुनीता उसे 12.40 बजे छुट्टी होने पर घर ले आती थी। इसी स्कूल में सोनिया का भाई प्रदीप भी पढ़ता है, जिसकी छुट्टी 2 बजे होती है।

कल दिन में तेज बारिश हुई और स्कूल वालों ने छोटे बच्चों की 11.30 बजे ही छुट्टी कर दी थी। सोनिया की मां स्कूल पहुंची तो बताया गया कि छोटे बच्चे जा चुके हैं। जब सुनीता घर पहुंची तो उसे सोनिया नहीं मिली। बारिश रुकने के बाद सोनिया की तलाश की गई, लेकिन उसका कोई अता-पता नहीं मिला।

रात 11 बजे तक मुनादी भी
सोनिया के चाचा मिथलेश ने बताया कि सोनिया की तलाश में रात 11 बजे तक इंडस्ट्रियल एरिया, सेक्टर-19 और साथ लगते बलटाना एरिया में माइक पर मुनादी की गई थी। पूजा स्थलों के माइक पर भी सोनिया के लापता होने की जानकारी दी गई और लोकल पुलिस को भी सूचित कर दिया गया था।

जल्दी छुट्टी बनी मौत का सबब
सोनिया के स्कूल की प्रधानाचार्या मिसेज राज ने बताया कि स्कूल में करीब 350 बच्चे पढ़ते हैं। वह पिछले 7 साल से स्कूल में पढ़ा रही हैं और उन्होंने शुक्रवार को पहली बार ही बारिश के चलते बच्चों की समय से पहले छुट्टी कर दी थी। छुट्टी करने की वजह यह थी कि टॉयलेट दूर था और उसका रास्ता ग्राउंड फिलिंग की वजह से दलदलनुमा हो गया था। कई बच्चे टॉयलेट जाने के लिए परेशान थे सो छोटे बच्चों को छुट्टी दे दी गई थी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: