HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

मेले में एएसआई की रिवॉल्वर पार

ग्वालियर. तिघरा थाने के एक एएसआई की रिवॉल्वर शनिवार की शाम को उस समय गायब हो गई जब वह कुलैथ स्थित जगन्नाथ मेले में ड्यूटी कर रहा था। रविवार को पुलिस चोरी गई रिवॉल्वर को ढूंढती रही लेकिन सुराग नहीं मिला तो शाम को अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया।

जानकारी के अनुसार, तिघरा थाने में पदस्थ एएसआई ओपीएस जादौन शनिवार को कुलैथ स्थित जगन्नाथ मेले में ड्यूटी कर रहे थे। मेले में भीड़ अधिक थी, इसी दौरान किसी ने श्री जादौन की सर्विस रिवॉल्वर पर हाथ साफ कर दिया।

चोर सर्विस रिवॉल्वर के साथ पांच कारतूस भी पार कर ले गए। शनिवार की शाम को तिघरा पुलिस पहले तो अपने स्तर पर चोरी गई रिवॉल्वर को ढूंढती रही। इस सिलसिले में उसने कुलैथ के आसपास गांव में रहने वाले संदिग्ध चरित्र के लोगों के घरों की तलाशी ली।

रिवॉल्वर ढूंढने के लिए तमाम कवायद के बाद भी पुलिस को सफलता नहीं मिली तो वरिष्ठ अफसरों को सूचना देने के बाद अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया।

एएसआई के खिलाफ होगी विभागीय कार्रवाई : रिवॉल्वर चोरी होने के मामले में एएसआई ओपीएस जादौन के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। एडीशनल एसपी देहात अनिल सिंह कुशवाह के मुताबिक इस मामले में एएसआई की लापरवाही प्रारंभिक रूप से बताई जा रही है फिर भी मामले की जांच के बाद ही पता चल सकेगा कि लापरवाही कैसे हुई।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: