हिसार. काफी दिनों से चिलचिलाती धूप के कारण गर्मी से परेशान चल रहे नगर वासियों को रविवार को हुई हल्की बरसात के कारण कुछ राहत मिली। बरसात के बाद शहर के अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
रविवार को दिनभर बादल व सूरज की आंख मिचौली चलती रही, लेकिन दोपहर को 4 बजे के करीब बारिश की बौछारें गिरनी शुरू हो गई, यह सिलसिला देर रात्रि तक जारी रहा। रविवार की वजह से सड़कों व बाजारों में रौनक कम थी और रही-सही कसर बूंदाबांदी ने पूरी कर दी।
इसका फायदा उठाते हुए लोगों ने बारिश का जमकर आनंद लिया। ऐसे में शाम के समय तो बाजारों व सड़कों पर सन्नाटा छा गया। इसके अतिरिक्त जिले के कुछ ग्रामीण क्षेत्रों में भारी वर्षा भी हुई।