हिसार. शहर के एक प्रॉपर्टी डीलर का शव संदिग्धावस्था में उसकी ऑल्टो कार से रविवार देर शाम बरामद हुआ। उसके मुंह से झाग निकले हुए थे। सिविल लाइन थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामले के अनुसार पुलिस की पीसीआर राजगढ़ रोड पर गश्त पर थी।
पुलिस को लघु सचिवालय के बाहर एक ऑल्टो कार लावारिश हालत में खड़ी दिखाई दी। कार के करीब जाकर देखा गया तो उसमें एक अधेड़ व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा था। उसकी पहचान संजीव लांबा के रूप में हुई। वह मूल रूप से दौलतपुर गांव निवासी था और फिलहाल सेक्टर-15ए स्थित अपने निवास में रहता था। पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार संजीव की मौत प्रथम दृष्टि अत्यधिक शराब के सेवन से हुई, लेकिन मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद हो पाएगा। परिजनों के अनुसार संजीव लांबा जल्दी घर आने की कहकर सुबह घर से निकला था। शव का पोस्टमार्टम सोमवार सुबह सामान्य अस्पताल में किया जाएगा।
काफी प्रॉपर्टी का था मालिक
जानकारी के अनुसार संजीव लांबा की शहर व गांव में काफी प्रॉपर्टी है। गांव में जहां उसकी खेतीबाड़ी की काफी जमीन है, वहीं शहर में भी कई स्थानों पर उसकी प्रॉपर्टी पड़ी है। कुछ प्रॉपर्टी उसनेअपने जीजा के साथ मिलकर ली हुई है। सूत्रों के अनुसार उसकी किसी के साथ कोई दुश्मनी नहीं थी, जिससे कि उसकी हत्या की आशंका जताई जाए।
फिलहाल परिजन इस मामले में कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं। संजीव लांबा अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चों को छोड़कर गए हैं। उसकी बड़ी बेटी 24-25 साल की है, जबकि एक बेटी व बेटा शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।
शराब के सेवन का आदी था
सूत्रों के अनुसार संजीव लांबा शराब पीने का आदी था। वह शराब का सेवन अत्यधिक मात्रा में करता था। सिविल लाइन पुलिस ने भी प्रथम दृष्टि उसकी मौत को शराब के अधिक सेवन को माना है। हालांकि मौत के असली कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।