हिसार. मिर्जापुर में रविवार देर शाम एक व्यक्ति ने अपने ही भाई की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। सदर थाना पुलिस कार्रवाई में जुटी है। पुलिस के अनुसार मिर्जापुर निवासी कश्मीर सिंह शराब पीने का आदी था। वह हर रोज अत्याधिक शराब का सेवन करता था। रविवार देर शाम को भी वह शराब के नशे में धुत होकर घर आया। वहां उसका छोटा भाई शमशेर सब्जी काट रहा था।
कश्मीर ने किसी बात को लेकर शमशेर के साथ झगड़ा शुरू कर दिया। शमशेर के विरोध करने पर कश्मीर ने उसे लाठी दे मारी। झगड़ा बढ़ने पर शमशेर ने हाथ में लिए चाकू से कश्मीर पर हमला कर दिया। चाकू के हमले से कश्मीर वहीं ढेर हो गया और कुछ देर बाद उसने दम तोड़ दिया।
सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामे के बाद पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल पहुंचाया। शव का पोस्टमार्टम सोमवार सुबह सामान्य अस्पताल में किया जाएगा।