हिसार. भारतीय स्टेट बैंक द्वारा रविवार को लिपिक वर्ग की भर्ती के लिए आयोजित लिखित परीक्षा में बहुत से परीक्षार्थी परीक्षा देने से वंचित रहे गए। ये परीक्षार्थी अपने साथ लिखित परीक्षा के लिए जमा कराई गई फीस की रसीद नहीं लाए थे। सबसे अधिक परेशानी हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के गृह विज्ञान महाविद्यालय में बनाए गए परीक्षा केंद्र में परीक्षा देने आए परीक्षार्थियों को परेशानी उठानी पड़ी।
यहां के 150 परीक्षार्थियों को उक्त कारण के चलते परीक्षा देने से वंचित कर दिया गया। कई दूसरे सेंटर्स पर भी परीक्षार्थियों को ऐसी परेशानी का सामना करना पड़ा। परीक्षार्थियों द्वारा विरोध करने के बाद उन परीक्षा केंद्र में तैनात अधिकारियों ने बाद में रसीद उपलब्ध कराए जाने के लिखित आश्वासन लेकर उन्हें परीक्षा देने की अनुमति दे दी।
हकृवि में गृहविज्ञान महाविद्यालय में तैनात बैंक अधिकारी ने अंत तक परीक्षार्थियों को परीक्षा की अनुमति नहीं दी। इससे उनमें काफी रोष था। वहीं दूसरी तरफ सुबह व शाम की शिफ्ट में हुई परीक्षा के बाद जब सैकड़ों परीक्षार्थी अपने-अपने शहर में जाने के लिए बस स्टैंड पहुंचे तो वहां अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। परीक्षार्थियों की अधिक संख्या के आगे बसों की संख्या कम पड़ गई।