हिसार. हिसार शहर में हर महीने 700 से अधिक एयर टिकट बिक रहे हैं। दो साल पहले ये संख्या प्रति माह 100 के करीब ही होती थी। केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में हवाई यात्रा पर बढ़ाए गए कर से हवाई यात्रा महंगी होने के कारण टूर एंड ट्रेवल्स वालों के माथे पर चिंता की लकीरें पड़ गई हैं, लेकिन लोगों में हवाई यात्रा की आदत खत्म होने की गुंजाइश कम ही नजर आती है।
विदेशों में पढ़ने वालों की संख्या बढ़ी
हिसार के काफी विद्यार्थी अब विदेशों में पढ़ने जाने लगे हैं। सबसे अधिक विद्यार्थी ऑस्ट्रेलिया पढ़ने जाते हैं। हर वर्ष हिसार के 200 से अधिक विद्यार्थी विदेशों में पढ़ने जाते हैं। ऑस्ट्रेलिया के अलावा कनाडा, यूके व यूएसए में भी विद्यार्थी पढ़ने के लिए जाते हैं।
बिजनेस टूर भी हुए हवाई
हिसार के व्यापारी व उद्योगपति अब अपने बिजनेस टूर पर अन्य साधनों के बजाए हवाई जहाज से जाना पसंद करते हैं। हवाई जहाज की टिकट थोड़ी महंगी जरूर पड़ती है, लेकिन हवाई यात्रा से बचने वाला समय उनके लिए ज्यादा कीमती होता है। बिजनेस टूर के लिए ज्यादातर टिकट मुंबई, बैंगलोर, पूना, अहमदाबाद, गुहाटी, सिल्लीगुड़ी, कलकत्ता, बागडोगरा आदि शहरों के लिए बिकते हैं।
पर्यटन में गोवा नंबर वन
संपन्न परिवार अब फुर्सत के दिनों में पर्यटन में काफी जाने लगे हैं। सपरिवार पर्यटन पर जाने वाले सबसे अधिक गोवा व मुंबई की एयर टिकट खरीदते हैं। साउथ में घूमने जाने वाले भी हवाई यात्रा से जाते हैं। गाड़ी या रेलगाड़ी से जाने पर पहुंचने में दो से तीन दिन तक लग जाते हैं। विदेश में घूमने जाने वाले अधिकतर काठमांडू, दुबई या मलेशिया की टिकट खरीदते हैं।
पहले बुकिंग करने पर टिकट मिलती है सस्ती
हवाई जहाज की टिकट बुक करने वाली एजेंसियों के अनुसार काफी लोग अपनी हवाई यात्रा की टिकट महीनों पहले करा लेते हैं, क्योंकि पहले टिकट बुक करना सस्ता होता है। सीजन के समय टिकट बुक कराना काफी महंगा साबित होता है।
तीर्थ स्थलों की यात्रा भी हवाई जहाज से
दूरस्थ तीर्थ स्थानों पर जाने के लिए भी लोगों का रुझान हवाई यात्रा की ओर बढ़ रहा है। हाल ही में शुरू हुई अमरनाथ यात्रा के लिए हिसार के दर्जनों श्रद्धालुओं ने दिल्ली से श्रीनगर तक हवाई यात्रा की।
एक टूर ट्रेवलर्स के मुताबिक अकेले हांसी से एक ही ग्रुप के 18 लोगों ने अमरनाथ जाने के लिए दिल्ली से श्रीनगर का टिकट बुक कराया। इतना ही नहीं इसी ग्रुप ने श्रीनगर से अमरनाथ गुफा तक जाने के लिए हेलीकॉप्टर की टिकटें भी बुक कराई हैं।
अधिकांश दिल्ली से पकड़ते हैं हवाई जहाज
हिसार के आसपास दिल्ली, जयपुर व चंडीगढ़ में एयरपोर्ट बने हुए हैं, लेकिन अधिकतर हवाई यात्री दिल्ली से ही अपनी हवाई यात्रा करते हैं। चंडीगढ़ या जयपुर से हवाई यात्रा शुरू करने वाले बहुत कम हैं।