bhaskar Web English
HomeNewsHaryanaHisar Hisar

एसएचओ ने जोड़े हाथ

हांसी. jam बिजली की भारी किल्लत झेल रहे गांव सैनीपुरा के ग्रामीणों ने रविवार को सुबह हांसी-सिसाय मार्ग पर जाम लगा दिया। इस मार्ग पर हांसी-उचाना के बीच भी आवागमन रहता है और सहकारी समितियों की बसें चलती हैं। करीब दो घंटे तक रहे जाम को खुलवाने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

ग्रामीण बिजली अधिकारियों को मौके पर बुलाए जाने को लेकर अड़े हुए थे। उन्होंने जमकर नारेबाजी की और बिजली निगम की कार्यप्रणाली को जमकर कोसा। बिजली निगम केअधिकारी डर के मारे मौके पर पहुंचने से कतराते रहे। थाना प्रभारी कुंडू ने लोगों और महिलाओं के समक्ष हाथ जोड़ कर रास्ता खुलवाया। जाम से इस मार्ग पर बड़ी संख्या में वाहन फंस गए।

एक-दो घंटे आती है बिजली
ग्रामीणों का कहना था कि गांव मं पूरे दिन में केवल एक या दो घंटों के लिए ही बिजली आती है। गर्मी के चलते बच्चों का बुरा हाल है। बिजली वितरण निगम के अधिकारियों को इस मामले में कई बार शिकायत दी गई। समस्या दूर न होने पर चेतावनी भी दी गई, लेकिन किसी ने गांव के लोगों की समस्या की ओर ध्यान नहीं दिया। इस कारण मजबूर होकर घर के कामकाज छोड़कर उन्हें जाम लगाना पड़ रहा है।

जागकर काटनी पड़ती है रात
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का कहना था कि बिजली गुल रहने के कारण वह गर्मी के चलते रात भर जागते रहते हैं। गांव में मच्छरों की भरमार है जिससे बच्चों को सर्वाधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

प्रशासन स्थिति से अनजान नहीं, लेकिन बावजूद इसके अफसर समस्या के समाधान की दिशा में कदम उठाते नजर नहीं आ रहे। आक्रोशित ग्रामीणों ने रविवार की सुबह हांसी-सिसाय मार्ग पर लकड़ियां तथा पत्थर डाल कर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर शहर थाना प्रभारी इंद्र सिंह कुंडू मौके पर पहुंचे व लोगों से जाम खोलने की अपील की।

फोन करने पर भी मौके पर नहीं आए बिजली निगम के अफसर
ग्रामीणों के तेवर देखते हुए थाना प्रभारी ने कई बार बिजली निगम के अधिकारियों को फोन भी किए, लेकिन कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इस पर थाना प्रभारी ने महिलाओं के समक्ष हाथ जोड़ कर अपील की कि वे उनकी समस्या का समाधान करा देंगे, बस रास्ता खोल दीजिए। इस पर लोग जाम खोलने को राजी हो गए। इस दौरान सैनीपुरा निवासी दलबीर, रामसिंह, संजय, बलबीर, रोहताश व काफी संख्या में अन्य लोग मौजूद थे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: