HomeSportsOther Sports Other Sports

विंबलडन की जीत सबसे बड़ी : नडाल

लंदन. विंबलडन टेनिस का पुरुष एकल खिताब जीतने वाले स्पेन के रफेल नडाल के अनुसार विंबलडन टेनिस में मिली यह जीत उनके जीवन की सबसे बड़ी जीत है। पर नडाल ने जोर देकर कहा है कि ऑल इंग्लैंड क्लब के किंग रॉजर फेडरर इस हार के बाद भी विश्व के नंबर एक टेनिस खिलाड़ी हैं।

गौरतलब है कि रविवार को हुए एक रोमांचक मुकाबले में स्पेन के नडाल ने फेडरर के रिकॉर्ड छ: विंबलडन जीत के सपने को चूर-चूर कर दिया। विश्व नंबर दो नडाल ने पांच सेटों तक खीचें मुकाबले में फेडरर को 6-4, 6-4, 6-7, 6-7, 9-7 से शिकस्त दे दी। विश्व के दो महान खिलाड़ियों नडाल और फेडरर के बीच पांच सेटों तक चला यह मुकाबला इस टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे अधिक देर (4घंटे, 48 मिनट) तक चलने वाला फाइनल मुकाबला साबित हुआ। चार फ्रेंच ओपन खिताब अपने नाम करने वाले नडाल का यह पहला विंबलडन खिताब है।

फेडरर अब भी नंबर एक : एम. संताना (1966) के बाद नडाल स्पेन के पहले खिलाड़ी हैं, जिन्होंने विंबलडन का पुरुष एकल जीता। फेडरर को मात देने के बाद नडाल ने कहा ‘फेडरर अब भी नंबर एक खिलाड़ी हैं। वे अब भी इस खिताब के पांच बार के चैंपियन और सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी हैं।’

हम करीबी मित्र नहीं : जीत के बाद नडाल ने कहा फेडरर एक महान चैंपियन खिलाड़ी हैं। यद्यपि हम करीबी मित्र नहीं, पर मेरे दिल में उनके लिए हमेशा सम्मान है। मैं उनका बहुत बड़ा प्रशंसक हूं।

कैरियर की सबसे दुखद हार : फेडरर के अनुसार फाइनल में नडाल के हाथों मिली हार कैरियर की सबसे दुखद हार है। पर फेडरर का संकल्प है कि वे अपने महान प्रतिद्वंद्वी को विश्व नंबर एक का ताज इतनी आसानी से नहीं लेने देंगे।

महान मैचों का भाग होना हमेशा अच्छा : हार के बाद अपनी प्रतिक्रिया देते हुए फेडरर ने कहा महान मैचों का हिस्सा बनना हमेशा अच्छा लगता है। हो सकता है कि बाद में मैं इस मैच को एक महान मैच के रूप में याद करुं। पर इस समय मुझे कुछ भी सकारात्मक या सुखद नहीं लग रहा है।

नडाल नंबर एक खिलाड़ी के रूप में : फ्रेंच ओपन के बाद विंबलडन के फाइनल में एक बार फिर फेडरर को हराने के बाद नडाल अब विश्व के अगले नंबर एक खिलाड़ी के रूप में देखे जा रहे हैं।

यह कारनामा करने वाले तीसरे खिलाड़ी : एक ही साल में रोलां गैरां और विंबलडन के खिताब जीतने वाले नडाल राड लेवर और ब्योन बोर्ग के बाद तीसरे खिलाड़ी हैं। साथ ही नडाल ने 6 सालों से ग्रास कोर्ट पर चली आ रही फेडरर की बादशाहत को समाप्त कर दिया।

क्राउन प्रिंस ने लगाया गले : नडाल के विंबलडन जीतने के बाद रॉयल बॉक्स में बैठी स्पेन की क्राउन प्रिंस फेलीपि ने उन्हें गले लगा लिया। इस जीत के साथ ही नडाल ने उस मिथक को भी तोड़ दिया कि स्पेन के खिलाड़ी ग्रास कोर्ट पर खेलना पसंद नहीं करते।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: