HomeSportsOther Sports Other Sports

अगला लक्ष्य नंबर वन का ताज

लंदन. विश्व के नंबर वन टेनिस खिलाड़ी रोजर फेडरर का रिकॉर्ड छठी बार विंबलडन खिताब जीतने का सपना चकनाचूर करने वाले क्ले किंग राफेल नडाल ने कहा है कि यह मेरे कॅरिअर की सबसे बड़ी जीत है और अब मैं नंबर एक की कुर्सी पर काबिज होने के बारे में सोच रहा हूं। नडाल ने ग्रास कोर्ट पर फेडरर को लगातार 66वीं जीत दर्ज करने से महरूम कर दिया।

भारतीय समयानुसार रविवार देर रात तक चले रोमांचक मुकाबले में विश्व नंबर दो नडाल ने पांच सेटों तक चले मुकाबले में फेडरर को 6-4, 6-4, 6-7, 6-7, 9-7 से शिकस्त दे दी। यह मुकाबला इस टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे अधिक देर (4 घंटे, 48 मिनट) तक चलने वाला फाइनल साबित हुआ। चार फ्रेंच ओपन जीतने वाले नडाल का यह पहला विंबलडन खिताब है।

महान खिलाड़ी हैं फेडरर : नडाल
एम. संताना (1966) के बाद नडाल स्पेन के पहले खिलाड़ी हैं, जिन्होंने विंबलडन का पुरुष एकल जीता। वे ब्योर्न बोर्ग के बाद ऐसे पहले खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने एक ही वर्ष में फ्रेंच ओपन व विंबलडन जीता। बोर्ग ने 1980 में यह कारनामा किया। जीत के बाद नडाल ने कहा कि मैंने भले ही विंबलडन में फेडरर की बादशाहत खत्म कर दी, लेकिन वे अब भी नंबर एक खिलाड़ी हैं। हालांकि हम करीबी मित्र नहीं, पर मेरे दिल में उनके लिए हमेशा सम्मान है। मैं उनका बहुत बड़ा प्रशंसक हूं। फेडरर एक महान खिलाड़ी हैं।

कॅरिअर की सबसे दुखद हार : फेडरर
फेडरर के अनुसार फाइनल में नडाल के हाथों मिली हार कॅरिअर की सबसे दुखद हार है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि मैं आसानी से हार मानने वाला नहीं हू और जल्द ही वापसी करूंगा। फेडरर ने कहा कि वे अपने महान प्रतिद्वंद्वी को वल्र्ड नंबर वन का ताज इतनी आसानी से नहीं लेने देंगे। महान मैचों का हिस्सा बनना हमेशा अच्छा लगता है। हो सकता है कि मैं इस मैच को एक महान मैच के रूप में याद करूं।

क्राउन प्रिंस ने लगाया गले
नडाल के विंबलडन जीतने के बाद रॉयल बॉक्स में बैठी स्पेन की क्राउन प्रिंस फेलिपी ने उन्हें गले लगा लिया। इस जीत के साथ ही नडाल ने उस मिथक को भी तोड़ दिया कि स्पेन के खिलाड़ी ग्रास कोर्ट पर खेलना पसंद नहीं करते।

यूएस ओपन में अच्छा प्रदर्शन, तो बन जाएंगे नंबर एक

लंदन. विंबलडन के नए शहंशाह राफेल नडाल 25 अगस्त से होने वाले यूएस ओपन में अच्छा प्रदर्शन करते हुए दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी बन सकते हैं। नडाल ने विंबलडन के फाइनल में फेडरर को हराते हुए उनके सिंहासन को कड़ी चुनौती दी है। अब नंबर एक फेडरर और नंबर दो नडाल के बीच फासला काफी कम रह गया है।

फेडरर के 6600 अंक हैं, जबकि नडाल के खाते में 6055 अंक हैं। इस बीच महिला रैंकिंग में सर्बिया की एना इवानोविक शीर्ष पर बरकरार हैं। इवानोविक हालांकि विंबलडन में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकीं, लेकिन जांकोविक व शारापोवा की भी नाकामी के कारण उनका नंबर एक का स्थान बरकरार रहा। जांकोविक ने शारापोवा से दूसरा नंबर छीन लिया है, जबकि विंबलडन चैंपियन वीनस विलियम्स सातवें स्थान पर बरकरार हैं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: