कोटा. हाड़ौती के बारां जिले में सोमवार को हुई बारिश से नदी-नालों में उफान आ गया। वहीं कोटा शहर में दिनभर बादल छाए रहने और ठंडी हवाएं चलने से मौसम खुशनुमा बना रहा।
मौसम विभाग के अनुसार कोटा में अधिकतम तापमान 33.6 दर्ज किया गया। तापमान गिरने और हवाएं चलने से रात को कूलर की जरूरत नहीं पड़ी। जिले के इटावा कस्बे में सुबह और दोपहर में करीब आधा घंटे बारिश हुई। तापमापी का पारा भी इन दिनों उतार पर है। बारां, बूंदी व झालावाड़ जिले में लोग उमस से परेशान रहे। हालांकि दिनभर धूप नहीं निकलने से थोड़ी राहत मिली।
उधर, राज्य में सोमवार को मानसून धौलपुर, शेखावटी पर मेहरबान रहा। धौलपुर में वर्षा के दौर में दो अलग-अलग जगह दीवार गिरने दो जनों की मृत्यु हो गई। मनिया इलाके में पार्वती नदी में जुगाड़ बह गया। इसमें दस लोग सवार थे। उन सभी को बचा लिया गया। पार्वती बांध में पानी खतरे के निशान पर पहुंच गया है। चंबल नदी के पास रेल पटरियों के नीचे से मिट्टी खिसक गई, जिससे कई एक्सप्रेस गाड़ियों को रोक दिया गया।