कोटा.
मेला समिति के अध्यक्ष को हटाने की मांग को लेकर भाजपा पार्षद दल में बगावत के हालात हैं। पार्षदों ने खुली धमकी दी है कि मेला अध्यक्ष को नहीं हटाया गया तो महापौर मोहनलाल महावर को हटा दिया जाएगा। महावर भी पीछे नहीं हट रहे, उन्होंने अध्यक्ष बदलने से इन्कार कर दिया है। इस पर, नाराज पार्षदों ने चेतावनी दी है कि बुधवार को मेला दशहरा के लिए मेला अध्यक्ष को गणोश पूजन नहीं करने दिया जाएगा।
असंतुष्ट पार्षदों में पूर्व उपमहापौर योगेन्द्र खींची तथा 16 पार्षद शामिल हैं। सोमवार को पार्षद बीना सांखला के बल्लभबाड़ी स्थित आवास पर हुई बैठक में खपा पार्षदों ने अपने तेवर दिखाए। मुख्य सचेतक रविन्द्र सिंह सोलंकी की सदारत में हुई बैठक में पार्षदों ने मेला समिति अध्यक्ष रामबाबू सोनी की कार्यप्रणाली पर असंतोष जताया।
उनका सवाल है, जब अन्य समितियां अस्तित्व में नहीं हैं, तो मेला समिति कैसे काम कर रही है? उन्होंने आमराय से मौजूदा अध्यक्ष को हटाए जाने और लहरीशंकर को नया अध्यक्ष बनाने का भी फैसला कर लिया। खफा पार्षदों ने चेताया, यदि रामबाबू सोनी को नहीं हटाया जाता है, तो महापौर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाकर उन्हें ही हटा दिया जाएगा। पार्षद इस मामले में मंगलवार को दोपहर 12 बजे महापौर से उनके कक्ष में मिलेंगे।
इन नामों पर हुई चर्चा
बैठक में मेला समिति के नए अध्यक्ष के लिए लालचंद गुप्ता, लहरीशंकर गौतम, पपेन्द्र गहलोत व गोपालराम मंडा के नाम पर चर्चा हुई। आखिर में पर्ची निकाली गई, जिसमें लहरीशंकर का नाम तय किया गया। उपस्थित पाषर्दों ने इस पर अपनी सहमति दे दी।
नहीं आए महापौर
बैठक में निर्णय के बाद मुख्य सचेतक ने महापौर को टेलीफोन करके पार्षदों की भावनाओं से अवगत करवाया। उन्होंने महापौर को बैठक में आने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने आने से इनकार कर दिया। मेला समिति अध्यक्ष को हटाने की बात पर भी वह सहमत नहीं हुए।
महापौर ने कहा कि वे प्रशासनिक अधिकारी को मेला समिति का अध्यक्ष बना देंगे। इस पर सोलंकी ने कहा कि पार्षद आपको हटा देंगे। महापौर ने कहा कि भले ही हटा दें, लेकिन वे अपना निर्णय नहीं बदलेंगे। इस पर कुछ पार्षदों ने कहा कि अविश्वास प्रस्ताव लेकर कलेक्टर से मिला जाए। सांगोद में तो तख्ता बदल दिया गया था, पार्टी ने क्या कर लिया?
सोलंकी को किया अधिकृत
पार्षदों ने बैठक के निर्णय की जानकारी महापौर को देने के लिए मुख्य सचेतक रवीन्द्रसिंह सोलंकी को अधिकृत किया है। उन्होंने रात को ही पार्षदों और बैठक के फैसले से महापौर को अवगत करवा दिया।
नेताओं के निर्देश पर होगा फैसला
महापौर मोहनलाल महावर ने कहा कि वे अपनी मर्जी से मेला समिति के अध्यक्ष को नहीं हटा सकते। इस बारे में वे वरिष्ठ नेताओं से पूछेंगे, उन्हें पार्षदों की भावनाओं से अवगत करवाएंगे। यदि पार्षद उनके खिलाफ कोई निर्णय करते हैं तो वे स्वतंत्र हैं।
..परिवार का मामला है
मुख्य सचेतक रवीन्द्रसिंह सोलंकी ने भास्कर से कहा, पार्षदों ने मेला समिति अध्यक्ष को हटाने का निर्णय लिया है इसकी जानकारी महापौर को दे दी है। परिवार का मामला है जिसे सुलझा लिया जाएगा।
यह भी थे बैठक में
अजय चतुर्वेदी, बृजेश शर्मा, संजय शर्मा, रवीन्द्र जोशी, जितेन्द्र सोनी, गोपाल मंडा, शंकर रामानी, पपेन्द्र गहलोत, महेश गौतम लल्ली, शहनाज कुरेशी, सीमा मीणा, लालचंद गुप्ता, महावीर सुवालका व लहरीशंकर गौतम बैठक में शामिल थे। साथ ही, अजरुन खंगार, राममोहन बाबला, युसूफ कड़क, सत्यप्रकाश शर्मा, विकास चौधरी व रामचंद्र मलिक ने इसका समर्थन किया है।