HomeSportsCricket Cricket

इसलिए बाहर हुए युवराज

भारतीय क्रिकेट टीम के प्रमुख खिलाड़ी युवराज सिंह को चयनकर्ताओं ने सीधे-सीधे बाहर का रास्ता दिखाया है। वे न तो अच्छा प्रदर्शन कर पा रहे थे न ही वे पूरी तरह से फिट हैं। उनके खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार युवी अभी भी पूरी तरह से फिट नहीं है फिर भी टीम में बने हुए थे। उनका घुटना अभी पूरी तरह से ठीक नहीं हुआ है तथा उनके कंधे में भी दर्द है। अनफिट होने के कारण ही उन्होंने एशिया कप में अपने प्रिय फील्डिंग क्षेत्र ‘कवर ’ में फील्डिंग नहीं की। बताया जाता है कि मुख्य चयनकर्ता दिलीप वेंगसरकर ने युवराज को सलाह दी कि चूंकि श्रीलंका में आयोजित टेस्ट सीरीज में उन्हें अंतिम ग्यारह में खेलने का मौका नहीं मिलेगा अत: वे भारत में ही रह कर अपनी फिटनेस पर ध्यान दें।

बल्लेबाजी में भी किया निराश :

भारत की एकदिवसीय टीम के उप कप्तान युवराज को पिछले कुछ महीनों में उनकी लगातार खराब फॉर्म का खामियाजा श्रीलंका दौरे के लिए टेस्ट टीम से बाहर होकर भुगतना पड़ा है। युवराज को बाहर कर उनकी जगह युवा बल्लेबाज रोहित शर्मा को प्राथमिकता दी गई। हालांकि टीम के मध्यक्रम में राहुल द्रविड़,सचिन, सौरव गांगुली और वीवीएस लक्ष्मण जैसे बेहद अनुभवी बल्लेबाजों की मौजूदगी में रोहित के लिए अंतिम एकादश में जगह बनाना एक मुश्किल काम होगा लेकिन २१ वर्षीय इस युवा बल्लेबाज के लिए यह एक बड़ी उपलब्धि है कि उन्हें टेस्ट टीम में चुन लिया गया है। युवराज ने गत वर्ष बेंगलूर में पाकिस्तान के खिलाफ शानदार १६९ रन बनाकर टेस्ट टीम में वापसी की थी लेकिन ऑस्ट्रेलिया दौरे में टेस्ट सीरीज के दौरान चार पारियों में मात्न १९ रन बनाने के कारण उन्हें टीम से हटा दिया गया। बताया जाता है कि युवराज वहां गंभीरता से नहीं खेलते थे तथा हमेशा टीम के साथियों के साथ मस्ती के मूड में रहते थे।

सचिन का होगा फिटनेस टेस्ट :

यह भी पता चला है कि भले ही मास्टर ब्लास्टर सचिन को टीम में चुन लिया गया है लेकिन उनका फिटनेस टेस्ट होगा। टीम के फिजियो नितिन पटेल वानखेडे स्टेडियम में उनका फिटनेस टेस्ट लेंगे उसके बाद ही सचिन का श्रीलंका जाना तय हो सकेगा।

रोहित को सलाह :

चयन समिति के प्रमुख दिलीप वेंगसरकर ने रोहित शर्मा को सलाह दी है कि वे पूरा-पूरा ध्यान खेल पर लगाएं। उन्होंने कहा कि टेस्ट टीम में उनका चयन होना बड़ी बात है। इस प्राप्त अवसर का भरपूर लाभ उठाए व स्वयं को टेस्ट में स्थापित करें।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: