News
Rajasthan
Shekhawati Shekhawati सीकर/झुंझुनूं. अबू धाबी में दंगे फैलाने के आरोप में जिन तीन हजार भारतीयों को गिरफ्तार किया गया है, उनमें से एक हजार कर्मचारी शेखावाटी के हैं। इन कर्मचारियों को तब गिरफ्तार किया गया जब ये खराब गुणवत्ता वाला खाना परोसे जाने का विरोध कर रहे थे। सभी कर्मचारी अमीरात के रास अल खाइमाह में मृत्तिका बनाने वाली इकाई में कार्यरत है।
इस खबर के बाद सीकर, फतेहपुर, झुंझुनूं, नवलगढ़ स्थित उनके परिजनों में खलबली मच गई। परिजन कंपनी में काम कर रहे कर्मचारियों से लगातार संपर्क करने का प्रयास कर रहे हैं लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है। काबिलेगौर है कि गल्फ में शेखावाटी से करीब ढाई लाख लोग नौकरी करते हैं।
रास अल खाइमाह में मृत्तिका बनाने वाली इकाई में कार्यरत किरडोली (सीकर) का हरफूल जाखड़ फिलहाल छुट्टी पर आया हुआ है। हरफूल जाखड़ ने भास्कर को बताया कि दो दिन पहले अबू धाबी बात हुई थी, लेकिन कैंप में रहने वाले साथियों से बात नहीं हो पा रही है।
यह जानकारी मिली है कि कैंप में काम करने वाले सभी लोगों को कैद कर लिया गया है और यहां तक एक जेल छोटी पड़ गई। इसलिए दूसरी जेल में ले जाना पड़ा। बकौल हरफूल इस कंपनी में सीकर, झुंझुनूं, नवलगढ़ सहित शेखावाटी के कई जगहों से 20 हजार लोग नौकरी करते हैं।
फतेहपुर के ट्रैवल एजेंट सिकंदर ने बताया कि उनकी मंगलवार शाम अबू धाबी बात हुई है। वहां एक हजार से ज्यादा शेखावाटी के लोगों के कैद होने की संभावना है, क्योंकि इस कंपनी में अधिकतर इसी क्षेत्र के लोग नौकरी करते हैं। पार्षद साबिर बिसायती का कहना है कि उनके कुछ रिश्तेदार अबूधाबी में है। ऐसे में खासी चिंता हो रही है।
चार-पांच लोगों से बातचीत की है, लेकिन वे सुरक्षित हैं। लेकिन इलाके के कई लोगों के कैद में होने की खबर है। सीकर की नवलगढ़ रोड देवाजी की प्याऊ का भंवरलाल भी अबू धाबी में हैं। भंवरलाल के बेटे विनोद ने बताया कि परिवार खासा चितिंत है, क्योंकि पिताजी से बात नहीं हो पा रही है। आबूधाबी में अपने रिश्तेदारों से संपर्क के बाद झुंझुनूं के तस्लीम चौपदार ने बताया कि गिरफ्तार लोगों के बारे में अभी जानकारी नहीं मिल पाई है।
हड़ताल ने करवाया कैद
काफी तादाद में झुंझुनूं व सीकर के लोग अबू धाबी में हैं। पगार बढ़ाने के मामले को लेकर भारतीय कर्मचारियों ने हड़ताल कर दी। वहां हड़ताल पर पाबंदी है, ऐसे में उन्हें गिरफ्तार किया गया है। अभी यह पता नहीं चल पाया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में कितने झुंझुनूं के हैं। जुम्मेरात को जागरण के वक्त शेखावाटी के लोग एक जगह इकट्ठा होते हैं, तब स्थिति सामने आएगी। करीब 500 लोग झुंझुनूं इलाके से हो सकते हैं।
(जैसा झुंझुनूं के ताराचंद दर्जी, इस्लामपुर के मुंशी दर्जी ने अबू धाबी से भास्कर को बताया)
मामला : पौष्टिक खाने की मांग कर रहे थे कर्मचारी, उपद्रव के आरोप में पकड़ लिया
चिंताएं : सीकर, फतेहपुर, झुंझुनूं व नवलगढ़ में रह रहे परिजन परेशान, संपर्क की कोशिशें
उम्मीद : भारतीय दूतावास तत्काल पहल करे और सभी कर्मचारियों को रिहा करवाएं