जोधपुर.
मिसाइल मैन के नाम से विख्यात पूर्व राष्ट्रपति डा. एपीजे अब्दुल कलाम दो दिवसीय यात्रा पर बुधवार को जोधपुर आएंगे। वे यहां डीएस कोठारी स्मृति व्याख्यानमाला में शिरकत करने के अलावा स्कूली बच्चों से मुलाकात करेंगे।
बतौर राष्ट्रपति दो बार जोधपुर आ चुके डा. कलाम बुधवार दोपहर करीब दो बजे दिल्ली से वायुयान से जोधपुर पहुंचेंगे। वे एयरपोर्ट से सीधे होटल अभयडेज जाएंगे। वहां से अपरान्ह चार बजे बादलचंद सुगनचंद बालिका स्कूल जाएंगे। डा.कलाम जोधपुर के विभिन्न स्कूलों के बच्चों के साथ एक घंटे तक बातचीत करेंगे। वे शाम छह बजे वायुसेना स्टेशन पर वरला कॉम्पलैक्स का अवलोकन करेंगे।
होटल अभयडेज में रात्रि विश्राम कर अगले दिन सुबह दस बजे होटल में आयोजित विजन 2020 व राइट टू साइट की चौथी साधारण सभा की बैठक में भाग लेंगे।
इसके बाद वे रक्षा प्रयोगशाला के तत्वावधान में जयनारायण व्यास स्मृति भवन में आयोजित डा.डीएस कोठारी स्मृति व्याख्यानमाला में बतौर मुख्य अतिथि शरीक होंगे। डा.कलाम दोपहर एक बजे यहां से जयपुर रवाना हो जाएंगे। उनकी दो दिवसीय यात्रा के लिए पुलिस ने कड़े सुरक्षा बंदोबस्त किए हैं।
राज्यपाल आज आएंगे
जोधपुर। राज्यपाल एस के सिंह बुधवार शाम जोधपुर आएंगे। वे यहां एक कार्यकम में शरीक होकर शुक्रवार सुबह जयपुर लौट जाएंगे। राज्यपाल बुधवार शाम छह बजे जयपुर से राजकीय विमान से जोधपुर पहुंचेंगे। वे रात्रि विश्राम सर्किट हाउस में करेंगे। अगले दिन सुबह 11 बजे सूचना केंद्र स्थित मिनी आडिटोरियम में आयोजित होने वाले स्वतंत्रता सेनानी कप्तान दुर्गाप्रसाद चौधरी पुरस्कार समारोह में शरीक होंगे। राज्यपाल रात्रि विश्राम यहां कर अगले दिन सुबह छह बजे सड़क मार्ग से जयपुर रवाना हो जाएंगे।