HomeBusinessDalal Street Dalal Street

लाल रंग हटते ही हरा हुआ शेयर बाजार

मुंबई. यूपीए सरकार से वामपंथियों के समर्थन वापसी के बाद यह दिन पूंजी बाजार के लिए शानदार कहना चाहिए। बीएसई में रीयल इस्टेट हो या पावर, बैंक एफएमसीजी, कैपिटल गुड्स हर क्षेत्र का इंडेक्स सुधार के साथ बंद हुआ।

सेंसेक्स में 614.26 अंक की उछाल भले ही चौदहवीं बड़ी उछाल थी, लेकिन इसने सेंसेक्स को 14,000 के मनोवैज्ञानिक स्तर के करीब पहुंचा दिया। सबसे सकारात्मक असर विश्व बाजार में क्रूड की कीमतें नरम होने से पड़ा।

कौन क्या कह रहा है?

मैरिल लिंच: राजनीतिक घटनाचक्र के बाद देश के आर्थिक सुधारों में तेजी आएगी। सरकारी कंपनियों के विनिवेश, बीमा और रिटेल क्षेत्र में विदेशी निवेश की सीमा बढ़ाई सकती है।

मॉर्गन स्टेनली: बाजार में बुधवार की बढ़त राहत देने वाली जरूर है, लेकिन मंदी का दौर अभी खत्म नहीं हुआ है। सूचकांकों में 10-15 फीसदी की गिरावट संभव है। सेंसेक्स 10,500 के करीब जा सकता है।

क्या करें निवेशक?

क्रूड आयल पर नजर रखनी चाहिए। अब भी मुद्रास्फीति के खतरे टले नहीं हैं। ब्याज दरें बढ़ती हैं तो बाजार में गिरावट का अंदेशा बना हुआ है। चुनिंदा शेयरों में सावधानी से धीरे-धीरे धन लगाते रहें।

दुनिया के बाजार मजबूत

विश्व बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के अलावा महंगाई में कमी आने से वित्तीय कंपनियों का घाटा कम होने की उम्मीद में बुधवार को दुनिया के शेयर बाजारों में तेजी का रुख रहा।

अमेरिकी बाजार में वालस्ट्रीट का डो जोंस इंडेक्स 1.52 फीसदी, नैस्डैक 2.28 फीसदी, एसएंडपी 500 इंडेक्स 1.71 फीसदी, रसेल 2000 इंडेक्स 3.72 फीसदी उछलकर बंद हुए।

एशियाई बाजारों में हैंगसेंग 2.76 फीसदी, सिंगापुर स्ट्रेट टाइम्स 1.60 फीसदी ऊपर बंद हुए जबकि निक्केई 225 दिनभर के कारोबार में खासी उछाल दिखाने के बाद शाम को 0.14 फीसदी की हल्की बढ़त के साथ बंद हुआ। यूरोपीय बाजार भी शुरुआती सत्र के दौरान मजबूती दिखा रहे थे।

यह रैली चौंकाने वाली है। बाजार में शार्ट कवरिंग थी। अगर तेल की कीमतें नरम बनी रहीं तो बाजार ऊपर की ओर जा सकता है। तीसरी तिमाही के नतीजे भी आने वाले हैं।

-अमित दलाल, अमित नलिन सिक्यूरिटीज

एक साल पहले की अर्निंग से बाजार 14 गुणा (पीई) पर चल रहे हैं। मिडकैप में देखें तो कई अच्छे शेयर सस्ती कीमतों पर हैं। फिर भी किन्हीं खास शेयरों को सुझाव देना कठिन है।

-एस रंगनाथन, एलकेपी शेयर्स

बुधवार की रैली खासतौर से तेल की कीमतें नरम रहने से आई है। बाजार में सकारात्मक धारणा है। बाजार अपने निचले स्तर पर ही है। -विक्रम कोटक, सीआईओ, बिरला सनलाइफ





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: