News
International International सापोरो (जापान).
जापान के सापोरो में तीन दिवसीय ग्रुप -8 की बैठक का मुख्य मुद्दा पूरे विश्व में बढ़ती महंगाई रहा, लेकिन विश्व के आठ अमीर देशों की इस बैठक के लिए जिस होटल का इंतजाम किया गया है, वह भी बहुत महंगा है।
टोया के विंडसर होटल में ऐश और आराम के सभी साजो-सामना मौजूद हैं। गोल्फ कोर्स, टेनिस कोर्ट, माउंटेन बाइकिंग, महलनुमा कमरे, स्पा, जिम और इसके साथ ही आसपास बर्फ से लदे पहाड़, टोया झील तथा प्रशांत महासागर का सुंदर नजारा हर वक्त आपकी आंखों के सामने मौजूद रहता है।
होटल में शाही अंदाज के लोगों के लिए शाही कमरे भी हैं। यहां एक रात ठहरने का किराया 68,627 रुपए है। इसके अलावा विशेष अतिथियों के लिए खासतौर से तैयार महलनुमा प्रेसिडेंशियल स्यूट भी है। इसमें झील के नजारे वाले स्यूट का एक रात का किराया तीन लाख और सागर के नजारे वाले स्यूट का किराया 2.57 लाख रुपए है।
आलीशान होटल में सभी के लिए अलग-अलग तरह की व्यवस्था रखी गई है। जूनियर स्यूट के झील के नजारे वाले कमरे का किराया 31,311 रुपए है, जबकि सागर के नजारे वाले कमरे का किराया 29,166 रुपए है। इन कमरों में शॉवर बूथ में नहाते समय आप लिक्विड क्रिस्टल टेलीविजन पर अपने पंसदीदा टीवी कार्यक्रम का भी मजा उठा सकते हैं।
महंगा शौक
5098 रुपए गोल्फ कोर्स के एक राउंड की फीस।
2144 रुपए लॉन टेनिस कोर्ट में एक घंटे खेलने के।
2042 रुपए नौका विहार का लुत्फ उठाने को।
2144 रुपए ट्रैकिंग करने के लिए प्रति व्यक्ति।
2859 पए प्रति व्यक्ति राफ्टिंग के लिए।
20588 रुपए स्नो विलेज में बर्फ का भरपूर आनंद उठाने के लिए तीन लोगों का शुल्क।
1430 रुपए ग्लास ब्लोइंग : कांच के कप आदि बनाने में अपने हाथ आजमाने के लिए प्रति व्यक्ति।