HomeNewsRajasthanShekhawati Shekhawati

जमकर बरसे मेघ, पानी ही पानी

श्रीमाधोपुर. rain कस्बे में बुधवार को जमकर हुई दो घंटे बारिश से मौसम सुहावना हो गया। सुबह से ही आसमान पर छाए काले घने बादल व उसके बाद तेज झमाझम हुई बरसात ने लोगों को गर्मी से राहत दिलाई। तेज बारिश से कस्बे के गौशाला रोड श्यामपार्क, स्वामी मोहल्ला, पंजाबी मोहल्ला, कचियागढ़, बजाज मोहल्ला आदि स्थानों पर पानी भरने से बाढ़ के से हालात हो गए।

जिससे वाहन चालकों, स्कूली बच्चों व लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। इसी प्रकार ग्राम मूंडरू, नांगल, आसपुरा, बागरियावास, मऊ आदि इलाकों में भी तेज बारिश हुई। बारिश से किसानों ने भी राहत की सांस ली है। खाचरियावास. कस्बे में बुधवार को जमकर बारिश होने से इलाके में पानी ही पानी हो गया। गणगौरी चौक पानी से लबालब हो गया और सडकों पर पानी ही पानी फैल गया।

दांतारमगढ़. कस्बे व आस पास के गांवों में पूरे दिन रिमझिम वर्षा के बाद शाम को उमस बढ़ गई। सुबह से ही सूरज नहीं निकला तथा दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। पलसाना. आसपास के इलाके में सुबह शुरू हुआ रिमझिम बरसात का दौर शाम तक चलता रहा। शाहपुरा, माजीपुरा, गणोशपुरा आदि गांवों में जोरदार बरसात हुई। रींगस. कस्बे व आस पास क्षेत्र में लगातार दो दिन से हो रही बरासात का दौर बुधवार को भी जारी रहा। जो दिनभर रुक-रुक कर चलता रहा।

बरसात से एक ओर किसानों को बेहद फायदा हो रहा है। दूसरी ओर बाई तिराहे पर स्थित दुकानदारों के सामने पानी का भराव होने से आना-जाना बंद हो गया। बाईपास बाजार के दुकानदार शिवपाल चौधरी ने बताया कि बरसात होते ही पानी का भराव होना शुरू हो जाता है। चिमनलाल, महेंद्र आदि ने बताया कि यह पानी हर वर्ष भरता है।

नगर पालिका प्रशासन को सूचित करने के बाद भी कोई कार्यवाही नहीं होती। बरसाती पानी खाटूश्यामजी मोड़, रेलवे फाटक के पास, राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने, नगर पालिका कार्यालय के सामने, मठ मंदिर के सामने आदि स्थानों पर कई वषों से भर रहा है। खाटूश्यामजी. सुबह दस से 12 बजे तक हुई दो घंटे जमकर बरसात से चारों ओर पानी ही पानी हो गया। झामावास, लामिया, गीलों की ढाणी, लाडपुर आदि गांवों में भी बरसात हुई।

लोसल. बुधवार दोपहर मानसून में पहली बार भरपूर बरसात हुई। वर्षा से जहां किसानों के चेहरे खिल उठे, वहीं निचले इलाकों में पानी भर जाने व कीचड़ व गंदगी के फैलने से लोगों को आवागमन में परेशानियां हुई। दोपहर को पौन घंटे जमकर हुई वष्र ने पालिका प्रशासन की सफाई व्यवस्था व पानी निकासी की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। बस स्टैंड पर पानी एकत्रित होने के साथ-साथ कीचड़ फैला हुआ है। हनुमान धर्मशाला के पास, डूंगाराजी की ढाणी सहित कई निचले इलाकों में पानी भर गया है।

नीमकाथाना. क्षेत्र में बुधवार को दिनभर रिमझिम बरसात का दौर चला। सुबह से ही रुक-रुक कर बरसात होती रही। दोपहर तेज बरसात से जनजीवन प्रभावित हुआ। लगातार हो रही बरसात से लोगों को इस बार जमाना अच्छा होने की उम्मीद लगी है। किसानों ने भी बताया कि फसल के लिए भी बरसात का होना अच्छा संकेत है। बरसात के कारण कई तालाबों एवं जोहड़ों में भी पानी का आना शुरू हुआ है। फतेहपुर. दोपहर बाद की मूसलाधार बरसात से कस्बा पूरी तरह से जलमग्न हो गया।

एक घंटे की झमाझम बरसात से रोडवेज बस स्टैंड, आशारामजी का मंदिर, सिकरिया चौरास्ता, आजाद सीसै स्कूल, मंडावा पुलिया, नवलगढ़ पुलिया, सिनेमा हॉल तिराहा सहित सभी प्रमुख रास्तों,गलियों में भारी मात्रा में पानी जमा हो गया। बरसात का पानी इस कदर जमा हो गया कि लोगों का आना जाना भी संभव नहीं हो सका और लोग जो जहां थे, वहीं फंस गए। पानी में वाहन चालकों को भी परेशानी हुई। बस स्टैंड तो झील जैसा नजर आने लगा।

रामगढ़ शेखावाटी. बुधवार दोपहर शुरू हुई हल्की बरसात के दिनभर चलती रही। बरसात से नवीन बस स्टैंड, चूरू दरवाजा से मुख्य बाजार को जोड़ने वाले मार्ग, फतेहपुरिया दरवाजा, स्टेशन रोड आदि क्षेत्रों में बरसाती जल एकत्रित हो गया।

पौधशालाओं में ग्राहकों की बारिश
सीकर. बारिश के साथ ही वन विभाग की पौधशालाओं में पौधों की बिक्री तेज हो गई है। वन विभाग रेंजर महेश तिवाड़ी ने बताया बुधवार को विभाग की तीनों पौधशालाओं सीकर, बाजौर व सुंदरपुरा पौधशाला में करीब 10 हजार पौधों की बिक्री हुई। तिवाड़ी ने बताया लोगों में पौधे खरीदने को लेकर जबरदस्त उत्साह था। े फल, फूलदार और सजावटी पौधों की जबरदस्त बिक्री हुई। विभाग की तीनों पौधशालाओं से इस सीजन में अब तक करीब 70 हजार पौधों की बिक्री हो चुकी है।

बारिश से शहर हुआ तरबतर
झमाझम बारिश के बाद शहर तरबतर हो गया। कई दिनों से आसमान में उड़ रहे बादल बुधवार को जमकर बरसे। सुबह सवा ग्यारह बजे बारिश का दौर शुरू हुआ, जो करीब 12 बजे तक चलता रहा। इसके बाद भी दिन में कई बार रिमझिम बारिश हुई। बारिश से स्टेशन रोड, बस डिपो तिराहा, बजाज रोड, नवलगढ़ रोड आदि स्थानों पर पानी भर गया। निचले इलाकों में बने मकानों में पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। रिमझिम हो रही बारिश से शाम तक आम रास्तों में पानी जमा रहा। बारिश के बाद गर्मी व उमस से राहत मिली।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: