News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. रायपुर से गुजरने वाली ट्रेनों में अब एसी क्लास की बोगियों में अपेक्षाकृत ज्यादा यात्रियों को रिजर्वेशन मिल सकेगा। दुर्ग से चलने वाली पांच प्रमुख ट्रेनों में रेलवे ने ज्यादा क्षमता वाले कोच लगाने का फैसला किया है। वर्तमान में एसी-थ्री के 64 बर्थ की जगह 72 बर्थ वाले नए कोच लगेंगे।
ढाई साल पहले रेल बजट 2006 में नए कोच की घोषणा हुई थी, इस पर अब अमल हो रहा है। देशभर के अधिकतर जोन में चलने वाली ट्रेनों में नए कोच लग चुके हैं।
रायपुर से चलने वाली रायपुर-लखनऊ गरीब रथ एक्सप्रेस में यह कोच सबसे पहले लगा था। रेलवे बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद जोन ने दुर्ग से चलने वाली पांच ट्रेनों का चयन किया है, जिनमें कोच लगाए जा रहे हैं। अफसरों ने बताया कि वर्तमान कोच में एसी-थ्री क्लास में 64 और एसी-टू क्लास में कुल 44 बर्थ हैं। फिलहाल एसी-थ्री क्लास में ही यह कोच लगाया जा रहा है।
कंप्यूटर से भी रिप्लेस : 64 बर्थ वाले कोच को कंप्यूटर में भी रिप्लेस किया जा रहा है। इसकी प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। रिजर्वेशन के लिए दिए गए प्रमुख पांच ट्रेनों में 72 बर्थ के मुताबिक टिकट बटेंगे। माना जा रहा है कि अगले दो दिनों के भीतर ज्यादा कोच वाली ट्रेनों में भी रिजर्वेशन शुरू हो जाएगा। हावड़ा-मुंबई की ट्रेनों में भी : रेलवे सूत्रों के मुताबिक अगले कुछ महीनों में हावड़ा और मुंबई से भी चलने वाली प्रमुख ट्रेनों की बोगियों में भी ज्यादा क्षमता वाले कोच लगा दिए जाएंगे। बताते हैं कि रेलवे बोर्ड स्तर पर इसकी प्रक्रिया चल रही है। यह एक चरण का काम है, जिसके तहत दोनों ही रूट की ट्रेनों में एक साथ एक श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे।
ये हैं पांच ट्रेनें
ट्रेनों के नंबर ------------------------ कोच कब से
8203/8204 दुर्ग-कानपुर बेतुवा एक्सप्रेस ------- 15 जुलाई
8201/8202 दुर्ग-गोरखपुर एक्सप्रेस ----------- 16 जुलाई
2823/2824 दुर्ग-निजामुद्दीन संपर्कक्रांति एक्सप्रेस -- 17 जुलाई
8205/8206 दुर्ग-गोरखपुर एक्सप्रेस ----------- 17 जुलाई
0869/0870 दुर्ग-जयपुर साप्ताहिक स्पेशल ------- 21 जुलाई