News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur रायगढ़. २३ जून से रद्द उत्कल एक्सप्रेस को रेलवे ११ जुलाई से पुन: प्रारंभ कर रहा है। भास्कर में प्रकाशित खबर के हिसाब से ही इस ट्रेन को अंतत: पर्वितित मार्ग से ही चलाया जा रहा है।
ऐसे में १८ दिन यात्रियों को परेशान करने का कारण किसी को समझ में नहीं आ रहा है। पिछले दिनों हुई भारी बरसात के चलते राऊरकेला व वाल्टेयर के बीच बालासुर स्टेशन के समीप ट्रेक पर पानी भर गया था। इसके चलते ट्रेक के नीचे की मिट्टी बह गई थी।
घटना के बाद रेलवे ने इस जगह पर अंडरब्रिज बनाने का निर्णय लिया है। इसके चलते इस रुट पर चलने वाली हरिद्वार-पुरी उत्कल एक्सप्रेस को रद्द कर दिया गया था। भास्कर ने ५ जुलाई को प्रकाशित अपनी रिपोर्ट में यह स्पष्ट कर दिया था कि रेलवे इस रूट पर माह भर से ज्यादा समय तक ट्रेन नहीं चला सकता है।
वहीं इस खबर में यह भी छपा था कि रेलवे चाहे तो पर्वितित मार्ग झारसुगड़ा से संबलपुर, रायगड़ा, खुदरारोड, भुवनेश्वर होते हुए उत्कल एक्सप्रेस को पुरी तक चला सकता है। इसके बाद भी इस ट्रेन को इस मार्ग से नहीं चलाया जा रहा था। इस ट्रेन का रद्द किया जाना इस स्थिति के चलते ही किसी के समझ में नहीं आ रहा था।
लगातार १८ दिन तक यात्रियों को परेशान करने के बाद रेलवे ने ११ जुलाई से झारसुगड़ा, संबलपुर पर्वितित मार्ग से उत्कल एक्सप्रेस को चलाने का निर्णय ले लिया है। इस तरह इतने दिन इस ट्रेन का रद्द रहना रेलवे की कार्यशैली पर प्रश्न चिन्ह लगा रहा है। पुरी और हरिद्वार से ११ जुलाई को रवाना होने वाली उत्कल एक्सप्रेस १२ जुलाई को रायगढ़ पहुंचेगी। इस तरह आगामी १२ जुलाई से इस क्षेत्र के लोग फिर से उत्कल एक्सप्रेस में सफर कर सकेंगे।
उत्कल एक्सप्रेस का पुराना मार्ग
बालासुर में हुई घटना से पूर्व उत्कल एक्सप्रेस नियमित झारसुगड़ा, चक्रधरपुर, टाटा नगर, खड़गपुर, बालासुर, खुदरा रोड, भुवनेश्वर होते हुए पुरी पहुंचती थी। अब ११ जुलाई से चालू हो रही यह ट्रेन संबलपुर होते हुए पर्वितित मार्ग से चलेगी।
क्या होगा टिकट निरस्त कराने वालों का
रेलवे ने इस ट्रेन के 20 जुलाई तक रद्द रहने की सूचना पूर्व में ही जारी कर दी थी। इसके चलते इस ट्रेन में इन तारीखों में सफर करने वालों में अपना आरक्षण निरस्त करा लिया था। अब अचानक इस ट्रेन को फिर से चालू करा लेने के आदेश जारी हो जाने के बाद अपनी यात्रा केंसल करा चुके यात्रियों के लिए रेलवे के पास कोई उपाय नहीं है।