News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur रायगढ़.
जिला पंचायत में गुरुवार को काउंसिलिंग आयोजित की गई थी। इसमें शिक्षाकर्मी पद के इच्छुक उन उम्मीदवारों को बुलाया गया था, जो पूर्व में हुई काउंसिलिंग में किसी कारणवश उपस्थित नहीं हो पाए थे। सुबह 10.30 बजे से दूरदराज से आए उम्मीदवारों के प्रमाण पत्रों की जांच की प्रक्रिया जारी थी।
इस दौरान शुरू से विवादित शिक्षाकर्मी वर्ग १ के लिए कामर्स ग्रुप के अभ्यर्थियों ने अपने दावा- आपत्तियों का निराकरण करने काउंसिलिंग में मौजूद अधिकारियों से चर्चा की लेकिन, समय-सीमा का हवाला देते हुए एडिशनल सीईओ फूल सिंह ठाकुर ने ऐसा करने से साफ मना कर दिया।
उम्मीदवारों ने एडिशनल सीईओ श्री ठाकुर से स्पष्ट कारण जानना चाहा किंतु उन्होंने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। इतने में दोपहर लगभग 12.30 बजे वरिष्ठ इंका नेता बजरंग अग्रवाल के नेतृत्व में युवक कांग्रेसियों का एक दल नारेबाजी करते हुए डीआरडीए पहुंचकर शिक्षाकर्मी वर्ग-१ के वाणिज्य समूह में की जा रही भर्ती प्रक्रिया पर ही सवालिया निशान लगाते हुए तत्काल इसकी काउंसिलिंग निरस्त करने की मांग की। यूथ कांग्रेसियों ने एडि.सीईओ ठाकुर से काफी देर तक तर्क-वितर्क किया और भर्ती प्रक्रिया पर पूरी पारदर्शिता नहीं बरतने का आरोप लगाया।
कांग्रेसियों का आरोप था कि जब शिक्षाकर्मी वर्ग-१ कामर्स ग्रुप के व्यापमं ने चयन परीक्षा से पूर्व पर विज्ञपित नहीं किए थे, तो इस वर्ग में भर्ती कैसे की जा रही है। जब पद लिए ही जाने थे तो इसकी विधिवत सूचना निकाली जाती, अखबारों में नवीन पदों के लिए विज्ञापन प्रकाशित कराए जाते।
यहां एक डीआरडीए ने उम्मीदवारों के साथ छलावा करते हुए भर्ती की जानकारी सूचना बोर्ड में भी चस्पा नहीं किया, जिससे अभ्यर्थी दावा-आपत्ति करने से चूक गए और जिन्होंने दावा-आपत्ति करना भी चाहा, उसका आवेदन स्वीकार नहीं किया जा रहा है।
मौके पर मौजूद अभ्यर्थी नरेन्द्र देवांगन ने बताया कि वह एम-काम, बी.एड है, वर्ग-१ कामर्स के लिए उसमे दावा-आपत्ति के तहत आवेदन भी दिया था, जिसे स्वीकार नहीं किया गया। युवक कांग्रेसियों ने जिला पंचायत के सभा हाल में चल रही काउंसिलिंग को बंद कराया फिर एडि. सीईओ ठाकुर को उनके चेंबर में घेर लिया।
श्री ठाकुर आरोपों पर ठीक ढंग से जवाब ही नहीं दे पा रहे थे। उनका बचाव करते हुए एपीओ रूपेश पांडेय ने पंचायत एवं समाज सेवा रायपुर के संचालन पीपी सोती के एक पत्र का हवाला देते हुए भर्ती प्रक्रिया की जानकारी दी। इस बीच तर्क-वितर्क होते रहे, किसी अप्रिय स्थिति के मद्देनजर डीआरडीए में पुलिस बल भी पहुंच गया था। आखिरकार वर्ग-१ वाणिज्य की काउंसिलिंग निरसन करने की मांग पर अडिग यूथ कांग्रेसियों ने जिपं के मुख्य द्वार के पास नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठे।
इधर, एडि. सीईओ ठाकुर उच्चधिकारियों से मार्गदर्शन लेने के प्रयास में रहे। काफी विचार-विमर्श के बाद उन्होंने प्रदर्शनकारियों के समक्ष घोषणा करते हुए बताया कि शिक्षाकर्मी वर्ग १ कामर्स ग्रुप की काउंसिलिंग फिलहाल अस्थाई रूप से निरस्त कर दी गई है। बाद में इसकी तिथि निर्धारित की जाएगी।
इसके पश्चात अन्य विषयों के लिए काउंसिलिंग दोपहर 2.30 बजे के बाद शुरु हो सकी। डीआरडीए में वर्ग-१ कामर्स की भर्ती प्रक्रिया का विरोध करने वालों में बजरंग अग्रवाल, शाखा यादव, दयाराम धुर्वे, योगेन्द्र यादव, जाय दत्ता, संजय देवांगन, चंद्रेश यादव, मिलन गुप्ता, संदीप अग्रवाल, प्रकाश बेहरा, आशीष चौबे, नरेन्द्र देवांगन, हरिश साहू सहित काफी संख्या में युवक कांग्रेसी शामिल थे।
पूरा मामला जिला पंचायत रायगढ़ से जुड़ा है। शिक्षाकर्मी भर्ती प्रक्रिया में विवाद की स्थिति आने पर उसके निराकरण की जिम्मेदारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी को है।
-पीपी सोती, संचालक पंचायत एवं समाज सेवा
सीईओ आऊट आफ स्टेशन हैं। उनके आने के बाद ही कोई निर्णय लिया जा सकेगा। फिलहाल, वर्ग-1 (कामर्स) की काउंसिलिंग अस्थाई तौर पर निरस्त की गई है।
-फूल सिंह ठाकुर, एडिशनल सीईओ जिला पंचायत रायगढ़
१३ को धरने में शामिल होंगे जोगी!
जिला पंचायत में शिक्षाकर्मी वर्ग-1 (वाणिज्य समूह) की भर्ती अब राजनीतिक रंग लेने लगा है। डीआरडीए में इस भर्ती का विरोध करते हुए इंका नेता बजरंग अग्रवाल ने पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी को मोबाइल पर पूरे मामले से अवगत कराया।
बजरंग अग्रवाल ने बताया कि श्री जोगी से हुई चर्चा के मुताबिक 13 जुलाई को जिला पंचायत के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा और धरने में स्वयं अजीत जोगी शामिल होंगे। श्री अग्रवाल ने यह भी कहा कि इस मामले को लेकर यूथ कांग्रेस अभ्यर्थियों के साथ है। प्रकरण से जुड़े सभी दस्तावेज एकत्र किया जाकर न्यायालय का दरवाजा खटखटाने की तैयारी भी की जा रही है।