बीकानेर.
देवीसिंह भाटी ने खुद को भारतीय जनता पार्टी का सिपाही बताते हुए कहा है कि भाजपा के लिए बीकानेर का बॉर्डर इलाका ही नहीं बल्कि राजस्थान में हर उस जगह पर जाकर वोट मांगेंगे जहां उन्होंने काम किया है।
मंत्री बनने के बाद बीकानेर लौटे भाटी ने यहां पत्रकारों से बातचीत में यह कहा। मंत्रियों के बैठकों में नहीं आने के सवाल पर भाटी ने कहा कि पार्टी में कोई नाराजगी नहीं है। कोई न कोई परिस्थितियां रही होंगी। अगर ऐसा नहीं होता तो नहीं आने की वजह नहीं थी। हम एक परिवार की तरह हैं, हमारा घर मजबूत है।
भाजपा की छवि पूरे देश में बनी है और इस बार हम राजस्थान में भी चुनाव परिणाम गुजरात जैसे देंगे। अपने विभाग से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि ये विभाग सीएम के पास थे और नीति भी पहले से लागू थी। हम चाहेंगे कि इस नीति पर और बेहतर काम करें। उन्होंने कहा कि पर्यटन के क्षेत्र में हम उन लोगों की अपेक्षाएं भी जानेंगे जो इस क्षेत्र से जुड़े हुए हैं। शराब की दुकानों के सवाल पर उन्होंने कहा कि अगर आमजनता और बहन-बेटियों को किसी भी शराब की दुकान से परेशानी होगी तो हम कार्रवाई करेंगे।
उन्होंने शहर के विकास की ओर इशारा करते हुए कहा कि बीकानेर में पहली बार इतना विकास एक साथ हो रहा है। निश्चित रूप से इससे शहर वासियों को खुशी हो रही है। सीएम के पूर्व से चुनाव लड़ने के सवाल को टालते हुए उन्होंने कहा कि यह निर्णय पार्टी-नेतृत्व करेगा। उन्होंने साफ किया कि आंबेडकर जयंती समारोह के दौरान उनके परिवार में गमी होने के कारण समारोह में शरीक नहीं हो पाए थे।