जोधपुर.
वर्ष 1459 में राव जोधा के बसाए इस शहर की जनसंख्या एक शताब्दी पूर्व मात्र 79,109 थी तथा 10 किमी परिधि वाली चारदिवारी में सिमटा शहर अब 78.60 वर्ग किमी क्षेत्रफल में फैल चुका है।
जब कि इसकी आबादी ग्यारह गुना से अधिक बढ़ते हुए 15 लाख से अधिक हो चुकी है। वर्ष 2020 में शहर की जनसंख्या के 22 लाख से अधिक होने का अनुमान है। वहीं भविष्य के शहर के लिए 78,886 एकड़ शहरी क्षेत्र की आवश्यकता का आकलन किया गया है।
जोधपुर में जनसंख्या वृद्धि के साथ विगत वषों में शिक्षा, चिकित्सा की उचित व्यवस्था, सामाजिक सुरक्षा, यातायात के साधनों में वृद्धि, लिफ्ट कैनाल योजना से पेयजल व्यवस्था, बैंकिंग सुविधा, रोजगार के साधनों की उपलब्धता, उच्च संस्थानों की स्थापना, आधुनिक संचार प्रणालियां, नई तकनीक, इनलैंड कंटेनर डिपो की स्थापना तथा सरकारी विकास योजनाओं से शहर का तीव्र विकास हुआ है।
कैसी होगी 2020 में सूर्यनगरी
जनगणना विशेषज्ञों के अनुमान के अनुसार वर्ष 2020 में शहर की आबादी करीब 22 लाख होगी। इसके लिए लगभग 78,886 एकड़ नगरीय क्षेत्र की आवश्यकता होगी। जिसमें विकसित क्षेत्र 69,300 एकड़ होगा। इसमें प्रस्तावित भू उपयोग में आवासीय क्षेत्र सहित सार्वजनिक एवं अर्ध सार्वजनिक भूउपयोग में कमी आएगी वहीं औद्योगिक, सरकारी व अर्धसरकारी व आमोद प्रमोद के लिए भू उपयोग के प्रतिशत में अनुपातिक वृद्धि होगी।
भविष्य के सनसिटी में वर्तमान बसे हुए शहर के बाहर सब-अर्बन क्षेत्र सहित व्यावसायिक केन्द्र, खुले स्थान, पार्क, बस स्टैंड होटल जोन, सामुदायिक केन्द्र, चिकित्सालय, शिक्षा केन्द्र व शॉपिंग मॉल व मल्टीप्लेक्स आदि प्रस्तावित हैं। सड़कों की चौड़ाई बढ़ाते हुए चार-लेन, छह लेन बढ़ाते हुए बाइपास आदि का निर्माण शामिल है। सिटी बस सेवा के लिए अलग से कॉरिडोर का निर्माण, रेल सड़क मार्ग का विस्तार, हवाई सेवा में वृद्धि सहित नए स्टेडियम व खेलकूद सुविधाओं का विस्तार होगा।
जनसंख्या के अनुपात में ढांचागत सुविधाओं संसाधनों की उपलब्धता
व्यावसायिक अनुपात: वर्ष 1991 की जनगणना के अनुसार जोधपुर में 1,86,307 व्यक्ति तथा वर्ष 2001 में 2,56,810 व्यक्ति विभिन्न व्यवसायों में थे। काम करने वालों का सहभागिता अनुपात 29.96 प्रतिशत तथा वर्ष 2001 में सहभागिता अनुपात 30फीसदी रहने का अनुमान था। वर्ष 1991 में कृषि, खान व खनन क्षेत्र में 7.34 फीसदी। औद्योगिक क्षेत्र में 20.14 फीसदी। यातायात व संचार क्षेत्र में 9.29 प्रतिशत कामगार थे।
भू उपयोग: जोधपुर का वर्तमान में नगर निगम सीमा का कुल क्षेत्रफल 78.60 वर्ग किमी है। इसमें 26,880 एकड़ नगरीकृत क्षेत्र है। कुल नगरीकृत क्षेत्र में से 16,326 एकड़ भूमि विकसित क्षेत्र में है जबकि शेष भूमि कृषि, राजकीय आरक्षित भूमि, वन भूमि, ग्रामीण आबादी, पहाड़, चट्टानें, खाली व जल भराव क्षेत्र के तहत है।
विकसित क्षेत्र में सर्वाधित आवासीय क्षेत्र है जो लगभग 8325 एकड़ है। यह विकसित क्षेत्र का 50.99 प्रतिशत है। वाणिज्यिक 2.71 फीसदी, औद्योगिक भू उपयोग 12.06 फीसदी, सरकारी व अर्ध सरकारी 2.13 फीसदी, आमोद प्रमोद के लिए 6.94 फीसदी, सार्वजनिक व अर्ध सार्वजनिक 12.36 फीसदी व परिसंचरण के तहत 12.81 फीसदी भू उपयोग हो रहा है।