नई दिल्ली.पूर्व पाक कप्तान वसीम अकरम ने टीम के वर्तमान कप्तान शोएब मलिक को कमजोर कप्तान बताते हुए उन्हें हटाने की मांग की है। अपने समय के धुरंधर ऑल राउंडर रहे अकरम ने 16 वर्षीय तेज गेंदबाज मुहम्मद अमर को टीम में लेने का समर्थन भी किया। अकरम ने कहा कि मलिक अपने साथियों का विश्वास नहीं जीत सके हैं। न तो वे सकारात्मक सोचते हैं और न ही उनमें कप्तानी की क्षमता है।
अकरम का कहना है कि मलिक स्वयं का ही सही उपयोग नहीं कर पाते हैं। वे एक गेंदबाज के रूप में खुद को बड़े मैचों में आजमाने से बचते हैं। उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ हर मैच में 10 ओवर का स्पैल किया। बांग्लादेश के विरुद्ध उनकी गेंदबाजी थोड़ी कम हुई, जबकि बड़ी टीमों के सामने वे गेंदबाजी के लिए आते ही नहीं हैं। स्वयं का उदाहरण देते हुए अकरम ने कहा कि मेरे समय में आमिर सुहैल, जावेद मियादाद, सलीम मलिक, एजाज एहमद, रमीज राजा व वकार यूनुस जैसे धुरंधर टीम में थे।
ये सभी अलग चरित्र के थे तथा इन्हें नियंत्रित करना कप्तान के लिए चुनौती थी। यह और बात है कि ये सभी मैच विनर थे। ऐसे में जब ये खिलाड़ी खराब खेलते थे, तो मैं मनोवैज्ञानिक ढंग से उन्हें प्रोत्साहित करता था। अफसोस मलिक ऐसा नहीं करते हैं। उदाहरण के लिए उन्होंने कहा कि अब्दुल रऊफ ने एक मैच में तीन विकेट लिए, लेकिन अगले ही मैच में उन्हें हटा दिया गया। इमरान खान बहुत ही योग्य कप्तान थे। वे किसी भी खिलाड़ी से बेहतर प्रदर्शन करवा सकते थे। इमरान को प्रेरणास्त्रोत मान कर ही कप्तानी सीखनी चाहिए।