अयाना/इटावा (कोटा). कोटा जिले के अयाना थानान्तर्गत कवलदा गांव में करंट से पांच जनों की मौत हो गई। हादसे के शिकार लोग बारात के लिए स्वागतद्वार लगा रहे थे। लोहे का स्वागतद्वार ऊपर से गुजर रही 11 केवी बिजली की लाइन से छू जाने से हादसा हुआ। दुर्घटना में जख्मी एक अन्य व्यक्ति की हालत नाजुक बनी हुई है।
गांव के केदारनाथ मीणा की पुत्री कौशल्या की शुक्रवार को शादी थी। शाम को इटावा के खातौली-बोरदा गांव से बारात आनी थी। बारातियों के स्वागत के लिए सुबह करीब ग्यारह बजे लोहे का स्वागत द्वार लगाया जा रहा था। कौशल्या के चाचा भंवरलाल मीणा (30), जगदीश (30), चाचा का लड़का रामहेत (20) , एक अन्य रिश्तेदार कुंजबिहारी (32), चाचा के खेत में हाली का काम करने वाला छोटूलाल (28) और टेंट हाउस संचालक धन्नालाल सुमन स्वागत द्वार लगा रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, टेंट हाउस संचालक धन्नालाल स्वागतद्वार के ऊपर चढ़कर कपड़ा बांध रहा था, जबकि जगदीश, रामहैत और छोटूलाल नीचे पाइप पकड़े हुए थे। भंवरलाल और कुंजबिहारी ने रस्सियों को पकड़ा हुआ था। इसी दौरान, स्वागतद्वार के ऊपर से गुजर रही 11 केवी बिजली की लाइन से लोहे का पाइप टकरा गया और जोरदार धमाके के साथ लोहे का स्वागतद्वार गिर गया। बारिश के कारण गीली होने से स्वागत द्वार से बंधी रस्सियों में भी करंट आ रहा था।
करंट लगने से अचानक धमाका हुआ और सभी बेसुध होकर नीचे गिर पड़े।
धमाका सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तत्काल सब स्टेशन पर फोन करके बिजली बंद कराई और बेसुध पड़े सभी छह लोगों को जीप में डालकर इटावा के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले गए। डॉक्टरों ने भंवरलाल, जगदीश, रामहेत, छोटूलाल और धन्नालाल को मृत घोषित कर दिया।