News
Metros
Chandigarh Chandigarh चंडीगढ़.
पंजाब और इससे बाहर के सिख न्यूक्लीयर डील को लेकर संकट में घिरे प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के समर्थन में खड़े हुए हैं। सिख भले ही कांग्रेस के खिलाफ माने गए हों, पर इस मुद्दे पर विपक्षी दलों से जुड़े सिख नेता भी राजनीतिक मतभेद छोड़कर प्रधानमंत्री के समर्थन में हैं।
विपक्षी पार्टियों के नेता प्रधानमंत्री के सिख होने के नाते ही नहीं, पजांब में जारी बिजली संकट को समझते हुए भी प्रधानमंत्री के कदम को सही ठहरा रहे हैं। हालांकि, अकाली दल भाजपा के साथ किसी तरह के कोई मतभेद नहीं चाहता और ऐसे में विश्वास मत के प्रस्ताव पर यूपीए के विरोध में वोट देना उसकी मजबूरी है। लेकिन सच यह भी है कि प्रधानमंत्री के प्रति अकाली नेताओं में बड़े सम्मान का भाव है।
चाहे 2007 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवारों को डॉ. मनमोहन सिंह के प्रधानमंत्री पद पर होने का कोई खास फायदा नहीं मिला हो, लेकिन डील मामले में सिख उनके समर्थन में उतरता नजर आ रहा है।
विदेशों में सिखों को मजबूती: न्यूक्लीयर डील से विदेशों में रह रहे सिखों को काफी मजबूती मिलेगी। दिल्ली अकाली दल के अध्यक्ष परमजीत सिंह सरना का कहना है, सिख प्रधानमंत्री के कार्यकाल में डील होने से विदेशों में रह रहे सिखों का सम्मान बढ़ेगा।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने पूरे विश्व में सिखों का नाम रोशन किया है। अमरीका के राष्ट्रपति जार्ज बुश भी इनको मेधावी प्रधानमंत्री के तौर पर मानते हैं। इस डील का सबसे ज्यादा फायदा पंजाब को ही मिलेगा।
- परमजीत सिंह सरना, अध्यक्ष दिल्ली शिरोमणि अकाली दल।
यूपीए खिलाफ वोट देंगे अकाली: कंवलजीत
हैदराबाद. पंजाब में सत्तारूढ़ शिरोमणि अकाली दल (एसएडी) ने ऐलान कर दिया है कि उसके सभी आठ सांसद एटमी डील पर शक्ति परीक्षण के दौरान यूपीए सरकार के खिलाफ मतदान करेंगे। वरिष्ठ अकाली नेता और पंजाब के मंत्री कैप्टन कंवलजीत सिंह ने यहां पत्रकारों को बताया कि हालांकि इस बारे में अंतिम फैसला पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के स्वदेश लौटने के बाद 15 जुलाई को होने वाली राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक में लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल पहले ही कह चुके हैं कि इस मुद्दे पर भाजपा का जो भी फैसला होगा, अकाली दल उस पर मोहर लगाएगा, फिर भी इस संबंध में 15 जुलाई को चंडीगढ़ में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की बैठक बुलाई गई है।
- डॉ. दलजीत सिंह चीमा, राजनीतिक सलाहकार, मुख्यमंत्री, पंजाब।