HomeNewsRajasthanAjmer Ajmer

बस-कार भिड़ंत में तीन मरे

ब्यावर. अजमेर-पाली हाइवे पर सेंदड़ा गांव में खिरनी पुलिया के निकट शुक्रवार दोपहर को रोडवेज बस व मारुति कार भिड़ंत में महेश शिक्षण संस्थान के संस्थापक रमेशचंद्र माहेश्वरी, सदस्य शिव प्रकाश मालू और कार चालक की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद हाइवे पर जाम लग गया।

पुलिस के मुताबिक अशोक विहार निवासी रमेशचन्द माहेश्वरी (६२) पुत्र रामाकिशन माहेश्वरी और उनके रिश्तेदार वैशाली नगर निवासी शिवप्रकाश मालू (५८) पुत्र नाथूलाल मारुति अल्टो कार से जोधपुर में विवाह समारोह में भाग लेने जा रहे थे। कार रामदेव नगर, माकड़वाली रोड, अजमेर निवासी ड्राइवर प्रहलाद (२३) पुत्र फूलचंद चला रहा था।

कार खिरनी पुलिया स्थित माधू की होटल के पास सामने से आ रही पाली आगार की रोडवेज बस से भिड़ गई। भिड़ंत होते ही कार के परखच्चे उड़ गए। शिवप्रकाश एवं चालक प्रहलाद ने वहीं दम तोड़ दिया। सेंदड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायल रमेशचंद और दोनों के शवों को अमृतकौर अस्पताल पहुंचाया। लेकिन अस्पताल ले जाते समय रमेशचंद माहेश्वरी ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन के सुपुर्द कर दिए।

हाइवे पर लगा जाम
दुर्घटना के बाद सेंदड़ा रोड हाई वे पर जाम लग गया। पुलिस ने क्रैन से दोनों वाहनों को हटा कर जाम खुलवाया। माहेश्वरी समाज में शोक की लहर
हादसे की सूचना मिलते ही माहेश्वरी समाज में शोक छा गया। अजमेर एवं ब्यावर के माहेश्वरी समाज के लोग बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे। रमेशचंद्र माहेश्वरी कई सामाजिक, शैक्षिक और धार्मिक संस्थाओं से जुड़े हुए थे।

वे अखिल भारत वर्षीय माहेश्वरी महासभा के कार्य समिति सदस्य, माहेश्वरी परमार्थ सेवा संस्थान पुष्कर के संस्थापक महामंत्री, संस्कृति स्कूल के डायरेक्टर, अखिल भारतीय वैश्य महासम्मेलन के जिला अध्यक्ष, पी.टी संस्थान के निदेशक के पद पर काबिज थे। उसने साढ़ू भाई शिव प्रकाश मालू माहेश्वरी शिक्षण संस्थान के कार्यसमिति सदस्य थे।

अंतिम संस्कार आज
समाजसेवी रमेशचंद्र माहेश्वरी की शव यात्रा शनिवार सुबह 11 बजे अशोक विहार स्थित उनके निवास स्थान से और शिव प्रकाश मालू की शव यात्रा वैशाली नगर ईदगाह रोड स्थित निवास स्थान से शुरू होगी। दोनों का अंतिम संस्कार आंतेड़ शमशान स्थल में होगा।

बिलख पड़े परिजन
राजस्थान हाउसिंग बोर्ड अजमेर कार्यालय में मुख्यलेखाधिकारी शिवप्रकाश मालू एवं माहेश्वरी पब्लिक स्कूल अजमेर के सचिव और महेश शिक्षण संस्था के संस्थापक रमेशचंद माहेश्वरी के परिजन अस्पताल पहुंचे तो शव देखते ही बिलख पड़े। पुलिस एवं अन्य लोगों ने उन्हें ढांढ़स बंधाया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही रायपुर प्रधान लाल मोहम्मद समेत अन्य लोग अस्पताल पहुंचे।

शिक्षण संस्थाओं में आज अवकाश : महेश शिक्षण संस्थान की वैशाली नगर स्थित माहेश्वरी पब्लिक स्कूल, कोटड़ा व किशनगढ़ में माहेश्वरी इंटरनेशनल स्कूल में 12 जुलाई को अवकाश घोषित किया गया है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: