HomeSportsOther Sports Other Sports

रिकॉर्ड तोड़ा येलेना ने

रोम.विश्व रिकॉर्ड तोड़ने को आदत बना चुकीं रूसी पोल वॉल्टर येलेना इसिनबायेवा ने शुक्रवार देर रात गोल्डन लीग एथलेटिक्स में एक बार फिर रिकॉर्ड तोड़ दिया। उन्होंने 5.03 मीटर के साथ अपने ही 5.01 मीटर के रिकॉर्ड को सुधारा। ओलिंपिक व विश्व चैंपियन येलेना अभी तक 22 बार (12 आउटडोर, 10 इनडोर) विश्व रिकॉर्ड तोड़ चुकी हैं। इस बीच पुरुषों की 100 मीटर फर्राटा दौड़ के पूर्व विश्व रिकॉर्डधारी जमैका के असाफा पॉवेल को चोट के कारण स्पर्धा के फाइनल से हटना पड़ा।

येलेना ने पेईचिंग ओलिंपिक से चार सप्ताह पहले यह रिकॉर्ड तोड़ते हुए बता दिया है कि उन्हें रोकना आसान नहीं रहेगा। महान पोल वॉल्टर उक्रेन के सर्गेई बुबका ने अपने शानदार कॅरिअर में 35 बार विश्व रिकॉर्ड तोड़ा था और येलेना उनके रिकॉर्ड को तोड़ना चाहती हैं। जीत के बाद उन्होंने कहा कि मैं रिकॉर्ड के लिए तैयार थी, इसलिए उसे हासिल करने में परेशानी नहीं हुई।

यह तो शुरुआत है, ओलिंपिक में इससे भी बेहतर प्रदर्शन करूंगी। उन्होंने स्वीकार किया कि अमेरिका की जेन स्टुजिंस्की के प्रभावी प्रदर्शन से मैं थोड़ा चिंतित हो गई थी, इसलिए विश्व रिकॉर्ड मेरा लक्ष्य था। उन्होंने कहा कि जेन ने जब अमेरिकी ओलिंपिक ट्रायल में 4.92 मीटर की छलांग लगाई थी।

उस समय मुझे लगा कि पूरी दुनिया कह रही है।

‘येलेना खत्म हो गई है। अब हमें नई स्टार मिल गई है।’

इसी चिंता के कारण मैंने रोम मीट में सर्वश्रेष्ठ देने का प्रयास किया।

पुरुषों की 100 मीटर की हीट्स में पॉवेल ने पिंडली की मांसपेशियों में खिंचाव महसूस किया, इसलिए वे फाइनल में नहीं उतरे। उनके एजेंट पॉल डोएल ने कहा कि चोट ज्यादा गंभीर नहीं है। वे सोमवार को प्रशिक्षण शुरू कर देंगे। पॉवेल की गैर मौजूदगी का लाभ उठाते हुए पुर्तगाल के फ्रांसिस ओबिवेलू ने 10.04 सैकंड के साथ फर्राटा दौड़ जीती।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: