मुंबई टेस्ट टीम इंडिया के कप्तान अनिल कुंबले को भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने चेतावनी देते हुए बयान देने में सावधानी बरतने के लिए कहा है। कुंबले ने हाल ही एक इंटरव्यू में चयन समिति से जुड़ी बातें बताई थीं, जिस पर बोर्ड ने कड़ी आपत्ति जताई है।
बोर्ड सचिव निरंजन शाह ने कहा कि टीम कप्तान को प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करने का अधिकार होता है, लेकिन उन्हें चयन समिति की मीटिंग में हुई बातें मीडिया में बताने का हक नहीं है। शाह ने कहा कि हमने इस संबंध में कुंबले को एक पत्र लिखते हुए स्पष्टीकरण मांगा है। चयन समिति के मुखिया दिलीप वेंगसरकर ने मुझे बताया था कि मुंबई मिरर ने चयन समिति की मीटिंग से जुड़ी एक स्टोरी प्रकाशित की है और उसमें कुंबले का हवाला दिया गया है।
क्या कहा था कुंबले ने
जर्नलिस्ट राजन बाला को दिए इंटरव्यू में कुंबले ने बताया था कि चयनकर्ता श्रीलंका के विरुद्ध टेस्ट सीरीज के लिए द्रविड़ को बतौर विकेटकीपर लेना चाहते थे। उन्होंने धोनी के दौरे से हटने के बाद यह विकल्प सोचा था। चयनकर्ताओं ने मुझसे द्रविड़ को दूसरे विकेटकीपर की भूमिका निभाने के लिए राजी करने को कहा। इस पर मैंने चयन समिति को अतिरिक्त विकेटकीपर ले जाने के लिए राजी किया।
मुझे पता था कि राहुल ऐसी जिम्मेदारी पसंद नहीं करेंगे। वे बहुत अच्छे बल्लेबाज हैं और एक बार फिर कीपर की जिम्मेदारी संभालना नहीं चाहेंगे। चयनकर्ताओं ने बाद में पार्थिव पटेल और दिनेश कार्तिक को विकेटकीपर के रूप में चुना।