Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood मुंबई.
जब से शाहिद कपूर की जिंदगी से करीना कपूर गई हैं, तब से उनके प्रशंसकों को यह जानने की उत्सुकता है कि शाहिद की जिंदगी में कौन सी लड़की आई है। करीना से ब्रेकअप के बाद शाहिद का नाम विद्या बालन और सानिया मिर्जा तक के साथ जोड़ा गया है। खबरें तो यहां तक भी आई थीं कि करीना विद्या के कारण ही शाहिद को छोड़कर चली गई थीं लेकिन विद्या ने हमेशा ही शाहिद के साथ अपने रिश्ते को दोस्ती का नाम दिया।
अब पिछले कुछ समय से जिस तरह से शाहिद को सानिया के साथ घूमते हुए देखा जा रहा है, उससे यह साफ है कि इन दोनों के बीच महज दोस्ती नहीं है। कुछ दिन पहले सानिया ने विशाल भारद्वाज की फिल्म ‘कमीने’ के सैट पर शाहिद के साथ करीब आठ घंटे बिताए। फिल्म की यूनिट के एक सदस्य ने बताया, ‘भले ही शाहिद और सानिया साथ-साथ सैट पर नहीं आए थे लेकिन जैसे ही सानिया सैट पर पहुंची, वह शाहिद के साथ ही रहीं। उन दोनों को देखकर ऐसा लग ही नहीं रहा था कि वे लोगों के सामने अपने रिश्ते को छिपाना चाहते हैं।’
इस सदस्य ने बताया कि शाहिद भी शूटिंग से फ्री होने के बाद सानिया को लेकर अपनी वैनिटी वैन में चले जाते और काफी वक्त बिताने के बाद शूटिंग पर आते। उल्लेखनीय है कि इन दोनों की नजदीकियों की खबर मीडिया में पिछले साल दिसंबर में आई थीं जब इन्हें पहली बार बेंगलूर के एक होटल में साथ-साथ देखा गया था।
बिपाशा का शूटिंग करने से इनकार
शाहिद कपूर जब से इंडस्ट्री में आए हैं, किसी भी अभिनेत्री के साथ उनके पंगे की बहुत कम खबरें सुनने में आई हैं लेकिन बिपाशा बसु उनसे बेहद नाराज हैं। इसी नाराजगी के चलते उन्होंने हाल ही में शाहिद के साथ ‘जो जीता वही सुपरस्टार’ शो की शूटिंग करने से भी इनकार कर दिया। इस शो में शाहिद और विद्या बालन के साथ शूटिंग करनी थी। बिपाशा शूटिंग के लिए वक्त पर पहुंच गई थीं मगर जैसे ही उन्होंने वहां शाहिद को देखा, उन्होंने शूटिंग करने से इनकार कर दिया।
निर्माता ने उन्हें समझाने की बहुत कोशिश की पर वह नहीं मानीं। आखिरकार निर्माता को बिपाशा की शूटिंग एक दिन के लिए कैंसल करनी पड़ी और उन्होंने बाद में शूटिंग पूरी की। दरअसल, बिपाशा ‘कॉफी विद करण’ शो में शाहिद के इस कथन से अभी तक नाराज हैं कि उनके बॉयफ्रैंड जॉन अब्राहम के साथ शाहिद की पूर्व प्रेमिका करीना कपूर कभी काम नहीं करेंगी, इसलिए बिपाशा ने करीना के पुराने प्रेमी के साथ शूटिंग नहीं की।