HomeNewsPunjabJalandhar Jalandhar

अस्पताल में मौत, तोड़फोड़

संगरूर. निजी अस्पताल में दाखिल एक महिला की मौत से भड़के परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर तोड़फोड़ की और डाक्टर दंपति को आरोपी बताकर उनकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना भी दिया। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों पर लाठीचार्ज भी किया। पुलिस ने आरोपी डाक्टर दंपति पर कत्ल का केस दर्ज कर लिया है, वहीं तोड़फोड़ करने वाले करीब 150 लोगों पर भी केस दर्ज किया है।

क्या है मामला : कस्बा शेरपुर निवासी गोरी शंकर ने बताया कि उसकी पत्नी नीरू बाला (२४) को पहली डिलीवरी हेतु निजी अस्पताल सिंगला सर्जरीकल में दाखिल करवाया गया था। २९ जून को नीरू ने आप्रेशन से एक लड़के को जन्म दिया। दो-तीन दिन अस्पताल में रखने के बाद डाक्टर दंपति डा. केजी सिंगला व डा. रेणु सिंगला ने अपने बाहर जाने की बात कह कर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी। करीब एक सप्ताह पहले नीरू की हालत खराब होने के कारण उसे फिर इसी अस्पताल में दाखिल करवाया गया।

नीरू की हालत में सुधार न आने के कारण परिजनों ने डाक्टर से बाहर रैफर करने की बात कही, परंतु डाक्टर के विश्वास दिलाने पर वह नीरू के ठीक होने का इंतजार करने लगे। शुक्रवार की रात्रि नीरू को एक टीका लगाया गया जिसके बाद नीरू की हालत और बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।

लाठीचार्ज में एक दर्जन लोग जख्मी : शनिवार को सैकड़ों लोग अस्पताल में जमा हो गए और डाक्टर दंपति के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर अस्पताल में ही धरना दे दिया। कार्रवाई न होने पर भड़के लोगों ने अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस दौरान पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज किया, जिससे करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए।

मृतक महिला के रिश्तेदार कृष्ण कुमार ने बताया कि अस्पताल में उन्होंने तोड़फोड़ नहीं की। वह शांतमयी ढंग से डाक्टर दंपति के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर धरना दे रहे थे कि पुलिस ने उनपर लाठीचार्ज कर दिया जिससे काफी लोग जख्मी भी हो गए। अस्पताल में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

आरोपी डाक्टर दंपति डा. केजी सिंगला व डा. रेणु सिंगला के विरुद्ध केस दर्ज करने के बाद परिजन शांत हुए।

डीसी ने दिलाया भरोसा
डिप्टी कमिश्नर बीके ओहरी ने अस्पताल पहुंच भड़के लोगों से बातचीत कर उन्हें कार्रवाई का भरोसा दिया। पुलिस लाठीचार्ज की जांच का मामला एसडीएम धूरी को सौंप दिया। महिला के शव का पोस्टमार्टम डाक्टरों का बोर्ड करेगा जिसकी वीडियो रिकर्डिंग भी की जाएगी। उन्होंने कहा जांच में दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

—डाक्टर दंपति के समर्थन में उतरी आईएमए
घटना की जानकारी मिलते ही आईएमए डाक्टर दंपति के समर्थन में उतर आई। अस्पताल में तोड़फोड़ करने व डाक्टर दंपति पर केस दर्ज करने के रोष में आईएमए के डाक्टर सदस्य हड़ताल पर चले गए।

स्थानीय आईएमए यूनिट के अध्यक्ष डा. मक्खन सिंह ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि सिंगला सर्जरीकल अस्पताल में हुई मौत पर उन्हें अफसोस है, परन्तु लोगों द्वारा डाक्टर दंपति को आरोपी बता कर अस्पताल में की गई तोड़फोड़ की वह शब्दों में निंदा करते हैं। उन्होंने मांग की कि तोड़ फोड़ करने वाले आरोपी व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने घोषणा की वह रोष स्वरूप सेहत सुविधाओं को बंद रखेंगे।

मृतका के परिजनों के बयान पर डाक्टर दंपति के विरुद्ध 302 का केस दर्ज कर लिया है। आरोपी डाक्टर दंपति को जल्दी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके अतिरिक्त अस्पताल में तोड़फोड़ करने और अस्पताल पर हमला करने के आरोप में करीब 150 व्यक्यों पर 307 का मामला दर्ज किया गया है।
— प्रितपाल सिंह थिंद, डीएसपी





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: