News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर.
दैनिक भास्कर पत्र समूह के अखबार बिजनेस भास्कर का शनिवार को मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बिजनेस भास्कर विकास का माध्यम बनेगा। भरोसा है, यह राष्ट्रीय से लेकर राज्य तक की ताजातरीन खबरें देगा।
डा. सिंह ने कहा कि ग्लोबलाइजेशन के दौर में सभी चीजें एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं। इसका प्रभाव पेट्रोल से लेकर अनाज तक पड़ता है। राज्य में इस तरह के एक अखबार की जरूरत थी, जो ग्लोबल के साथ लोकल न्यूज रोजाना बेहतर विश्लेषण के साथ दे सके।
गौरतलब है, भास्कर समूह ने राष्ट्रीय स्तर पर बिजनेस भास्कर लांच किया है। 12 पृष्ठों के रंगीन अखबार में शेयर बाजार, उद्योग, कृषि, मौसम, दवा कारोबार से लेकर किचन तक हर विषयों की जानकारी रहेगी। कीमतों के उतार-चढ़ाव पर विशेष नजर रहेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तेजी से भास्कर बढ़ रहा है, बिजनेस भास्कर भी पाठकों में उसी तरह प्रचलित हो जाएगा।
अब तक बिजनेस की पत्र-पत्रिकाएं अंग्रेजी में दिल्ली से ही निकलती थी। बिजनेस भास्कर हिंदी में होने के साथ-साथ स्थानीय भी है। यह उद्योग, व्यापार और कृषि की नब्ज बताएगा। डा. सिंह ने बिजनेस भास्कर की प्रति में अपनी शुभकामनाएं लिखीं। इस मौके पर दैनिक भास्कर के स्थानीय संपादक दिवाकर मुक्तिबोध, यूनिट हेड केपी सिंह, डीबी पावर के हेड कापरेरेट अफेयर एंड पीआर इरफान कुरैशी, डिप्टी एडिटर मनीष दवे मौजूद थे।