bhaskar Web English
HomeNewsRajasthanAjmer Ajmer

हाकिमों पर बरसी सरकार

अजमेर. cm मुख्यमंत्री की कार से घायल भाजपा कार्यकर्ता के उपचार में लापरवाही के लिए मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे शनिवार को यहां पुलिस अधीक्षक आनंद श्रीवास्तव पर जमकर बरसीं।

बूढ़ा पुष्कर में समारोह होने के बाद जब मुख्यमंत्री वापस लौट रही थीं, इसी दौरान सलेमाबाद से श्रीजीमहाराज के आने पर आयोजकों ने सीएम की कार रुकवा दी। सीएम ने जैसे ही कार से उतरने के लिए गेट खोला तो गेट किशनगढ़ के भाजपा कार्यकर्ता प्रदीप वधावा को जा लगा। वधावा के गाल पर लगी चोट के कारण खून बहने लगा।

इस पर चिंतित सीएम बार बार डॉक्टर बुलाने के लिए आवाज लगाती रहीं लेकिन कोई नहीं आया तो सीएम ने वधावा को किशनगढ़ विधायक भागीरथ चौधरी के साथ इलाज कराने भेज दिया। उसके बाद सीएम ने एसपी आनंद श्रीवास्तव को बुलाकर पूछा कि ‘कहां थे आप, मैं बीस मिनट से डाक्टर को बुला रही हूं लेकिन कोई डॉक्टर मौजूद नहीं है।

घायल का खून बह रहा है, लेकिन उसका इलाज करने के लिए कोई नहीं है, ये कैसी व्यवस्था है आप लोगों की।’ पास खड़े एएसपी बहादुर सिंह ने बचाव में कहा कि चोटिल का इलाज कर दिया गया है तो सीएम ने उन्हें चुप करते हुए कहा कि वह तो मेरे पास खड़ा था आप ने कहां से इलाज कर दिया। सीएम की नाराजगी देखकर वहां माहौल एकदम शांत हो गया और पुलिस व प्रशासन के अफसर सकते में आ गए।

कलेक्टर से जवाब तलब : पुष्कर रोड से बजरंगगढ़ तक सड़कों की दुर्दशा से खफा मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने नाराजगी जाहिर करते हुए कलेक्टर नवीन महाजन से जवाब तलब किया। सीएम ने कलेक्टर को जल्द ही सड़कों की दशा सुधारने की हिदायत दी। शनिवार को बूढ़ा पुष्कर लोकार्पण समारोह से लौटते समय मुख्यमंत्री की कार को पुष्कर रोड और रीजनल कॉलेज सर्किल से बजरंगगढ़ तक बने गौरव पथ में कई बार धचके खाने पड़े और कार कई बार धीमी हुई।

बजरंगगढ़ घाटी के निकट जैसे ही सीएम की कार बड़े गड्ढे से निकली तो सीएम ने कार रुकवाकर कलेक्टर को तलब किया। मुख्यमंत्री ने सड़कों की दुर्दशा पर नाराजगी जाहिर करते हुए कलेक्टर नवीन महाजन से कहा कि इतनी जल्दी इन सड़कों की हालत खराब हो गई है। सड़क पर चलने में इतनी परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि जल्द सड़क का निर्माण कराया जाए।

सर्किट हाउस का दूसरा प्रवेश द्वार बनेगा : मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने आनासागर चौपाटी की ओर से सर्किट हाउस का दूसरा प्रवेश द्वार बनाने को कहा था, सीएम ने कहा कि दूसरा प्रवेश द्वार बनाने की कार्रवाई जल्द ही शुरू की जाए। कलेक्टर नवीन महाजन ने दूसरे प्रवेश द्वार की योजना के बारे में सीएम को बताया कि सर्किट हाउस के सहारे खड़ी की जा रही दीवार के बाद वहां पर पौधे लगाए जाएंगे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: