HomeNewsRajasthanAjmer Ajmer

घाटों पर उमड़ी आस्था

पुष्कर. pushakar घाटों के लोकार्पण समारोह में शरीक होने के लिए शनिवार को आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं के उत्साह का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि वे बारिश की परवाह किए बगैर घंटों छतरियां ताने बैठे रहे।

आज सुबह से ही कभी तेज तो कभी रिमझिम बरसात का क्रम चलता रहा। इसके बावजूद बूढ़ा पुष्कर में उम्मीद से अधिक श्रद्धालुओं ने पहुंच कर तीर्थ के प्रति अपनी आस्था जाहिर की। आस-पास के ग्रामीण रंग-बिरंगे परिधान पहने गीत एवं भजन गाते पैदल ही पहुंचे। दूर-दराज से हजारों आस्थावन अपने साधनों से आए।

बारिश से बचाव के लिए कोई छाता तान कर आया तो कई बरसाती एवं पॉलीथिन की थैलियां सिर पर ओढ़ कर आया। सुबह दस बजे बाद घाट की सीढ़ियों पर भीड़ जमने लगी। देखते ही देखते सभी घाट भर गए। देरी से आए लोगों को बरामदों में भी जगह नहीं मिली। बारिश के कारण आयोजकों को अंदेशा था कि भीड़ नहीं जुट पाएगी, लेकिन भीड़ उमड़ती देख उन्होंने राहत की सांस ली।

बड़ी संख्या में लोग वाहनों में आए, पार्किग की व्यवस्था नहीं होने के कारण तीनों प्रवेश मार्गो पर ट्रैक्टर, कार, जीप, मिनी एवं बड़ी बसों की कतार लग गई।

सांवरलाल पास
समारोह में भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी लेने वाले जल संसाधन मंत्री सांवरलाल जाट की शनिवार को बरसात ने बहुत परीक्षा ली। जाट ने समर्थकों की मदद से परीक्षा पास कर ली। जाट ने ही परिवहन अधिकारियों के जरिए साढ़े चार सौ वाहन उपलब्ध कराए। बरसात के बावजूद कार्यक्रम में दस हजार लोग मौजूद थे,।

इसमें से अधिकतर लोग भिनाय, अंराई, सरवाड़ और केकड़ी से आए थे। उसके बाद किशनगढ़ विधायक भागीरथ चौधरी और ब्यावर से देवीशंकर भूतड़ा सबसे ज्यादा लोगों को लेकर आए। पीसांगन पंचायत समिति और पुष्कर क्षेत्र से खास लोग नहीं जुट सके।

गरिमा लौटी बूढ़ा पुष्कर तीर्थ की
सीएम वसुंधरा राजे द्वारा शनिवार को वैदिक मंत्रोचारण एवं बरसात के बीच पौराणिक तीर्थ बूढ़ा पुष्कर के नवनर्मित घाटों के लोकार्पण के साथ ही आदि-अनादि तीर्थ की गरिमा फिर लौट आई है।मुख्यमंत्री दोपहर करीब सवा एक बजे बूढ़ा पुष्कर पहुंची। रामघाट पर उनका पुलिस के सशस्त्र जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। वेदपाठी बालकों ने स्वस्ति वाचन कर अगवानी की। रामघाट के बाहर लगे शिलालेख का अनावरण करने के बाद उन्होंने श्री सीमेंट परिवार के घाट का उद्घाटन किया।

मुख्यमंत्री ने वेद मूर्ति पंडित हरदेव शर्मा एवं महेश नंदे के संयुक्त आचार्यत्व में बूढ़ा पुष्कर सरोवर का वैदिक मंत्रोचारण के बीच पूजा-अर्चना कर रूद्रा-दुग्धाभिषेक किया तथा सरोवर की महाआरती की। उनके साथ बूढ़ा पुष्कर सवंर्धन महाअभियान के संयोजक ओंकारसिंह लखावत, जल संसाधन मंत्री सांवरलाल जाट, शिक्षा राज्य मंत्री वासुदेव देवनानी, सहाकारिता मंत्री नाथू सिंह गुर्जर सहित कई भाजपा नेता थे।

ब्रम्हा गायत्री तीर्थ विकास संस्थान के सचिव अरूण पाराशर, अध्यक्ष राकेश पाराशर, तीर्थ गुरु पुष्कर पुरोहित महासभा के अध्यक्ष कमल किशोर पाराशर आदि ने सीएम को अभिनंदन किया। लखन सरवाड़िया, पवन जोशी, सुनील पाराशर समेत पुरोहित संगठनों की ओर से पंडित हरदेव शर्मा ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: