बीकानेर. नहर मंत्री ने सिंचाई से जुड़े सभी मुख्य अभियंताओं की एक बैठक सोमवार को जयपुर में बुलाई है। इस बैठक में सिंचाई परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी तथा इसमें आने वाली समस्याओं पर विचार होगा।
व्यापक स्तर पर मुख्य अभियंताओं की पदोन्नति व तबादलों के बाद ये पहली बैठक हो रही है इसलिए इसे काफी महžवपूर्ण माना जा रहा है। मुख्य अभियंताओं को अपने यहां के कामों की पूरी रिपोर्ट जयपुर लाने के लिए कहा गया है। सोमवार को बैठक दोपहर बाद तीन बजे होगी। नहर सूत्रों ने बताया कि इस बैठक में सिंचाई परियोजनाओं की प्रगति पर विशेष बात होगी ताकि उसकी समस्याओं का निदान किया जा सके। बजट की स्थिति पर भी इसमें विचार किया जाएगा।
इन सूत्रों ने बताया कि मुख्य अभियंताओं को अपने अधीन के सभी कामों की विगत व कर्मचारियों-अभियंताओं की मंशा तक की जानकारी देने के लिए कहा गया है।
इंदिरा गांधी नहर में इन दिनों सिंचाई के लिए पानी नहीं है केवल पीने का पानी दिया जा रहा है, इस स्थिति पर भी विचार होगा। इंगांनप मुख्यालय में शुक्रवार को देर रात तक अभियंता व कर्मचारी सोमवार की बैठक के लिए रिपोर्ट तैयार करने में लगे रहे। बैठक में अवैध मोघे हटाने व पानी की चोरी रोकने पर मंथन होगा। विधानसभा अधिवेशन की तैयारी की दृष्टि से इस बैठक को खास महžव दिया जा रहा है।