उदयपुर. हत्या के आरोपी कांग्रेस नेता भगवतीलाल खटीक को गिरफ्तार करवाने वाले को दो हजार रुपए का नकद ईनाम देने के लिए पुलिस ने परचे बंटवाए हैं। अदालत से भगोड़ा घोषित करने के बाद उस पर दो हजार रुपए का ईनाम पहले ही घोषित किया था। खटीक पर पूर्व उपसरपंच केसरसिंह की हत्या की साजिश रचने का आरोप है।
पुलिस की ओर से भगवतीलाल खटीक की गिरफ्तारी के लिए जारी परचों को राज्यभर में बंटवाने के लिए भेजे गए हैं। अभियुक्त ढाई माह से फरार चल रहा है। साकरोदा, देबारी व जिंक स्मेल्टर के आसपास भी पुलिस की तरफ से पर्चे बांटे गए हैं।
उदयपुर एसपी कार्यालय की ओर जारी इस पर्चे में हत्या करने वाले का नाम, पता व फोटो दिया गया है। परचे में लिखा गया है कि भगवती खटीक के बारे में सही सूचना देने वाले को दो हजार रुपए का नकद ईनाम दिया जाएगा और नाम भी गोपनीय रखा जाएगा।
हर थाने में गए परचे
वांटेड अभियुक्त के नाम-पते व फोटो छपे इस पर्चे को शहर सहित जिले व रेंज के प्रत्येक थाने पर भेजकर बंटवाया गया है ताकि पहचान लिया जाए और गिरफ्तार किया जा सके। ये पर्चे जयपुर में पुलिस महानिदेशक, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक सीआईडी (सीबी) जयपुर, सहित राज्य के सभी एसपी एवं जीआरपी अजमेर व जोधपुर को भी भिजवाए गए है।
यह है मामला
3 मई की रात को साकरोदा के पूर्व उपसरपंच केसरसिंह व उसके मित्र रमेश नागदा पर मोटर साइकिल पर आए छह बदमाशों ने हमला कर दिया। इस हमले में केसरसिंह की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार राजनीतिक द्वेषता के चलते साकरोदा के ही पंचायत सदस्य व कांग्रेस कार्यकर्ता भगवतीलाल खटीक ने केसरसिंह की हत्या का षडयंत्र रचा और केसरसिंह की हत्या की सुपारी दी थी। उसके इशारे पर मोटर साइकिल पर आए हमलावरों ने हत्या कर दी।
भास्कर इन्वेस्टिगेशन के आधार पर प्रकाशित समाचार में केसरसिंह की हत्या के मामले में भगवतीलाल खटीक पर संदेह जताया था। इसके बाद ही उसे पुलिस ने अभियुक्त माना था।
प्रतापनगर पुलिस इस मामले में सभी छहों हमलावर हरीश भारती, महेश सुखवाल उर्फ पप्पू, करणसिंह उर्फ लक्की, ध्रुपद दशोरा व विपिन कोठारी व धनसिंह को गिरफ्तार कर चुकी है। केवल मुख्य सूत्रधार भगवतीलाल खटीक की गिरफ्तारी शेष है। भगोड़ा घोषित करने के साथ ही अदालत ने उसकी चल-अचल संपत्ति कुर्क करने का आदेश दिया है।
ये है भगवतीलाल
साकरोदा निवासी भगवतीलाल खटीक रेत के ट्रांसपोर्टेशन कारोबार से जुड़ा है। वह 1999 में साकरोदा का सरपंच बना था। इससे पहले टर्म में उसकी माता भी सरपंच थी। वर्तमान में वह गिर्वा ब्लॉक कांग्रेस का अध्यक्ष है।