Sports
Other Sports Other Sports नई दिल्ली
भारत के प्रकाश अमृतराज सातवीं वरीयता प्राप्त फ्रैंक डैंसेविक को हराकर हॉल ऑफ फेम टेनिस टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंच गए हैं। पिछले एक दशक में एटीपी टूर्नामेंट के सिंगल्स फाइनल में पहुंचने वाले वे पहले भारतीय खिलाड़ी हैं। इससे पहले 1998 में न्यूपोर्ट में ही लिएंडर पेस ने एटीपी टूर का खिताब जीता था।
अमेरिका के न्यूपोर्ट में तीन लाख 85 हजार डॉलर इनामी राशि के इस टूर्नामेंट में वाइल्ड कार्ड से प्रवेश लेने वाले प्रकाश अमृतराज ने सेमीफाइनल में शनिवार को कनाडा के डैंसेविक को 7-6(7-4), 4-6, 6-3 से हराया। दो घंटे 18 मिनट तक चले इस मुकाबले में दोनों खिलाड़ियों ने एक-दूसरे को खूब छकाया, लेकिन अंत में बाजी अमृतराज के नाम रही। फाइनल में प्रकाश का मुकाबला गत विजेता व दूसरी वरीयता प्राप्त फैब्रिक सांतारो से होगा। सांतारो ने सेमीफाइनल में विंस स्पेडिया को सीधे सेटों में 7-6(7-4), 6-1 से हराया। इस टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचने वाले प्रकाश दूसरे वाइल्ड कार्डधारी हैं। वर्ष 2006 में ऑस्ट्रेलिया के मार्क फिलिपोसिस ने वाइल्ड कार्ड से प्रवेश लेकर टूर्नामेंट जीता था।
रोचक रिकॉर्ड बनाने की दहलीज पर
अमृतराज रोचक रिकॉर्ड बनाने की दहलीज पर खड़े हैं। खिताब जीतने पर वे उन पिता-पुत्र की जोड़ियों में शुमार हो जाएंगे, जिन्होंने एटीपी टूर के खिताब जीते हैं। अभी तक सिर्फ फिल डेंट और टेलर डेंट ही यह कारनामा कर सके हैं। टेलर ने 2002 में न्यूपोर्ट में खिताब जीतकर यह रिकॉर्ड बनाया था। प्रकाश के पिता मशहूर टेनिस खिलाड़ी विजय अमृतराज भी एटीपी टूर खिताब जीत चुके हैं।