Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood मुंबई.
निर्देशक मधुर भंडारकर की फिल्म ‘फैशन’ में काम करने के लिए प्रियंका चोपड़ा इन दिनों मॉडलिंग के अपने दोस्तों से मिल रही हैं। दरअसल, इस फिल्म में वह एक सुपरमॉडल का किरदार निभा रही हैं और इसे वास्तविक बनाने के लिए ही अपने पुराने दोस्तों से मिल रही हैं। बकौल प्रियंका भले ही उन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में मॉडलिंग की थी लेकिन बॉलीवुड में आने के बाद उनकी मॉडलिंग की दुनिया से बिल्कुल ही नाता टूट गया है।
एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया, ‘जब मैंने मॉडलिंग शुरू की थी, उस वक्त मेरी उम्र सिर्फ 17 साल थी। मिस इंडिया और मिस वल्र्ड बनने के बीच के तीन महीनों में ही मैंने फैशन डिजाइनरों के लिए रैंप पर उतरी। उसके बाद तो सब बदल गया। मैं अपने दोस्तों जितनी प्रोफैशनल मॉडल तो नहीं हूं, लेकिन ‘फैशन’ की शूटिंग के दौरान मेरी मॉडलिंग के दिनों की यादें ताजा हो गई हैं।’
यादगार रही फिल्म की शूटिंग
प्रियंका ने बताया कि इस फिल्म की शूटिंग के दौरान अपने पुराने दोस्तों नयोनिका चटर्जी, आंचल कुमार और जैस रंधावा से मिलना उनके लिए यादगार अनुभव रहा। उनका कहना है कि इस फिल्म में उनका किरदार कुछ-कुछ उनकी निजी जिंदगी से मिलता है क्योंकि जिस तरह उन्होंने कम उम्र में एक छोटे शहर से आकर मुंबई में अपनी जगह बनाई थी, उसी तरह यह किरदार भी छोटे शहर की लड़की का है जो मॉडलिंग की दुनिया में बड़ा नाम कमाती है।
उन्होंने बताया कि वह शुरू से ही निर्देशक मधुर भंडारकर के साथ काम करना चाहती थी और उन्हें खुशी है कि उनकी यह इच्छा जल्द पूरी हो गई है। वैसे प्रियंका मुंबई में ‘फैशन’ की शूटिंग पूरी होने पर भी काफी खुश हैं क्योंकि उन्हें आउटडोर शूटिंग्स काफी थकान भरी लगती हैं। उन्होंने कहा, ‘आउटडोर शूटिंग्स के दौरान आप पूरी तरह से अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से कट जाते हैं और मुझे यह बिल्कुल अच्छा नहीं लगती है। मैं खुश हूं कि ‘फैशन’ मेरी एक ऐसी फिल्म है जिसकी लगभग पूरी शूटिंग मुंबई में हुई है और मैंने इसकी भरपूर लुत्फ उठाया है।’