Manoranjan
Telly Talk Telly Talk मुंबई.
जीटीवी के धारावाहिक ‘बनू मैं तेरी दुल्हन’ की सिंदूरा यानी काम्या पंजाबी ने अपने पति बंटी नेगी से अलग नहीं होने का फैसला किया है। हाल ही में इन दोनों को फैजल रजा खान की पार्टी में देखा गया, जिसमें दोनों सारा वक्त हाथों में हाथ डाले घूमते रहे। उल्लेखनीय है कि इन्होंने एक साल पहले तलाक लेने के लिए अदालत में कागजात दाखिल किए थे।
उस समय काम्या ने बंटी से अलग होने की वजह यही बताई थी कि उनकी आपस में बन नहीं रही है, इसलिए वे एक-दूसरे से अलग हो रहे हैं। इन दोनों के एक दोस्त ने बताया कि अदालत में तलाक का मामला जाने के बाद दोनों ने अपने मतभेद सुलझाने की कोशिश की और तलाक न लेने का फैसला किया।
जब इस बारे में काम्या से पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘हां, मैंने और बंटी ने अपने तलाक के कागजात वापस ले लिए हैं। हम अब एक बार फिर पति-पत्नी की तरह रह रहे हैं। कभी हम लोग मेरे घर पर तो कभी बंटी के घर पर रहते हैं। दरअसल, तलाक के कागजात अदालत में दाखिल करने के बाद हम दोनों ने अपने कुछ दोस्तों से बात की और उन्होंने हमें अपने मतभेद सुलझाने को कहा। अब जब हमारे बीच सब ठीक हो गया है तो हम एक बार फिर साथ-साथ रह रहे हैं।’