भोपाल. अगले शैक्षणिक सत्र 2009-10 से छात्रों और शिक्षकों की छुट्टियों में कटौती कर दी गई है। अब शिक्षकों को 54 दिन और छात्रों को 61 दिन गर्मियों की छुट्टियां मिलेंगी।
स्कूल शिक्षा विभाग ने छुट्टियों का कैलेंडर जारी कर दिया है। विभाग ने गर्मियों की छुट्टी को दो भागों में बांट दिया है। शिक्षक और छात्रों के लिए अलग-अलग छुट्टी निर्धारित की गई है। वहीं पचमढ़ी के स्कूलों में पदस्थ शिक्षक 48 दिन और छात्र 61 दिन की छुट्टी ले सकेंगे।
विभाग ने वर्ष भर में पड़ने वाले त्योहारों के लिए भी अवकाश की घोषणा कर दी है। इसके तहत दशहरा पर्व पर तीन दिन, दीपावली पर्व पर चार दिन की छुट्टी रहेगी। शीतकालीन छुट्टियों का दायरा भी सिकुड़कर सिर्फ तीन दिन रह गया है। यह छुट्टी 25 से 27 दिसंबर तक ही दी जाएगी।
स्कूल शिक्षा विभाग अगला शैक्षणिक सत्र 2009-10 एक अप्रैल से शुरू करने जा रहा है। जिसकी विधिवत घोषणा पिछले दिनों कर दी गई है। इसके साथ ही व्यवस्थाओं में बदलाव का दौर शुरू हो गया है। विभाग ने प्रत्येक कक्षा के पाठ्यक्रम को इकाई में बांटा है। हर इकाई के अध्ययन के बाद छात्रों का टेस्ट लिया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक सरकारी स्कूलों में अगले सत्र 2009-10 से मासिक टेस्ट की व्यवस्था लागू की जाएगी। इसके अंतर्गत छात्रों को प्रतिमाह दो बार टेस्ट देना होगा। यह टेस्ट पाठ्यक्रम की इकाई के आधार पर लिया जाएगा और हर तीन माह में चार इकाई को मिलाकर त्रिमासिक परीक्षा ली जाएगी। इस संबंध में स्कूल शिक्षा विभाग ने मैदानी अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं। इन टेस्टों के माध्यम से विभाग छात्रों की बौद्धिक क्षमताओं का आंकलन करेगा। जिन छात्रों का टेस्ट में अच्छा प्रदर्शन नहीं होगा, उन्हें उपचारात्मक कक्षाएं लगाकर पढ़ाया जाएगा। विभाग ने वर्तमान और अगले सत्र की रणनीति तय कर ली है। इसके लिए बाकायदा टाइम टेबल तैयार किया गया है और अधिकारियों को तय समय सीमा में कार्य करने की हिदायत भी दी गई है।
क्या है नई व्यवस्था
नई व्यवस्था के तहत प्रतिमाह दो इकाई का टेस्ट लिया जाएगा। पाठ्यक्रम की पहली इकाई का टेस्ट 15 जुलाई, दूसरी इकाई का 31 जुलाई को आायोजित होगा। 19 अगस्त को तीसरी इकाई का टेस्ट होगा और इसी माह चौथी इकाई का शिक्षण कार्य भी पूर्ण कर लिया जाएगा। पहली से चौथी इकाई की त्रैमासिक परीक्षा 8 से 13 सितंबर तक आयोजित की जाएगी।
22 सितंबर तक इसका रिजल्ट जारी होगा, जबकि पाठ्यक्रम की पांचवीं इकाई का मूल्यांकन 30 सितंबर को किया जाएगा। इसी प्रकार 16 अक्टूबर तक छठवीं, 3 नवंबर तक सातवीं और 29 नवंबर तक पाठ्यक्रम की आठवीं इकाई की पढ़ाई पूर्ण कर अर्धवार्षिक परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस तरह दसवीं इकाई का मूल्यांकन 31 दिसंबर तक पूर्ण कर लिया जाएगा।
छुट्टियों का कैलेंडर
>> दशहरा पर्व : 8 से 10 अक्टूबर 08
>> दीपावली पर्व : 27 से 30 अक्टूबर 08
>> शीतकालीन : 25 से 27 दिसंबर 08
>> गर्मी की छुट्टी : एक मई से 30 जून 09 (छात्रों के लिए)
>> गर्मी की छुट्टी : एक मई से 23 जून 09 (शिक्षकों के लिए)
पचमढ़ी के स्कूलों के लिए >> गर्मी की छुट्टी : 9 जुलाई से 25 अगस्त 09 (शिक्षकों के लिए) >> गर्मी की छुट्टी : एक जुलाई से 30 अगस्त 09 (छात्रों के लिए)
प्री-बोर्ड परीक्षाएं 15 जनवरी से
नई व्यवस्था के तहत 10वीं और 12वीं की प्री-बोर्ड परीक्षाएं 15 जनवरी से शुरू होंगी। 9वीं से 12वीं तक के प्रायोगिक कार्य 30 जनवरी तक पूर्ण किए जाएंगे। नतीजे 31 जनवरी तक घोषित कर दिए जाएंगे। इसके बाद सभी कक्षाओं के लिए निदानात्मक कक्षाएं शुरू होंगी।
सीबीएसई और राज्य के स्कूलों के सत्र में समानता रखने के लिए अगले साल से स्कूल सत्र एक अप्रैल से शुरू किया जाएगा। पूरे साल का कैलेंडर तय कर दिया गया है। इसमें शैक्षणिक दिवस और छुट्टी के दिन भी तय कर दिए हैं।
-डॉ. मदनमोहन उपाध्याय, प्रमुख सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग, मप्र शासन