HomeNewsMetrosBhopal Bhopal

आज घोषित होगी प्रदेश की युवा नीति

भोपाल. raj भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह सोमवार को यहां भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष विश्वास सारंग की ‘युवा जोड़ो अभियान’ यात्रा का समापन करेंगे। शहीद चंद्रशेखर आजाद की जन्मभूमि भाभरा से शुरू हुई यह यात्रा 25 दिन में प्रदेश के सभी जिलों से गुजरकर भोपाल पहुंच रही है। इस मौके पर लाल परेड मैदान में मुख्यमंत्री नई ‘युवा नीति’ का ऐलान करेंगे।

यात्रा 9 जून को भाभरा से शुरू हुई थी और दो जुलाई तक सभी जिलों से गुजरकर सात हजार किमी का सफर पूरा कर चुकी थी। इसमें 183 विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। इसका समापन समारोह पहले आठ जुलाई को होना था,पर विधानसभा सत्र और राजनाथ से समय नहीं मिल पाने के कारण तारीख आगे बढ़ाई गई। भाजयुमो ने इसे विस चुनाव के मद्देनजर बड़ा आयोजन बनाने की तैयारी की है।

प्रदेश भर के भाजयुमो कार्यकर्ता बड़ी संख्या में भोपाल आ रहे हैं। श्री सिंह समारोह में शिरकत करने सोमवार को दोपहर 12 बजे रायपुर से भोपाल पहुंचेंगे। राजा भोज हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और भाजपा के स्थानीय नेता अगवानी करेंगे।

भाजपा अध्यक्ष हवाई अड्डे से वीआईपी गेस्ट हाऊस जाएंगे। वे डेढ़ बजे समारोह स्थल लाल परेड मैदान पहुंचेगे। समारोह के बाद वे करीब साढ़े तीन बजे प्रदेश भाजपा कार्यालय पं. दीनदयाल परिसर पहुंचेंगे। वे शाम पौने छह बजे विशेष विमान से दिल्ली लौटेंगे।

दस बजे शहर में प्रवेश करेगी यात्रा
भाजयुमो की युवा जोड़ो अभियान यात्रा सुबह 10 बजे मिसरौद से भोपाल में प्रवेश करेगी। वहां सभा होगी। जिसे मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष विश्वास सारंग के अलावा राज्य मंडी बोर्ड के उपाध्यक्ष भागीरथ पाटीदार संबोधित करेंगे। यात्रा मंडीदीप, मिसरौद, हबीबगंज नाका, दूध डेरी, महाराणा प्रताप नगर चौराहा, रोशनपुरा चौराहा होते हुए साढ़े 12 बजे लाल परेड मैदान पहुंचेगी। इसके स्वागत के लिए जगह जगह तोरण द्वार लगाए गए हैं।

घोषित होगी प्रदेश की युवा नीति
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष विश्वास सारंग ने बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सोमवार लाल परेड मैदान में समारोह के दौरान प्रदेश की नई युवा नीति का एलान कर सकते हैं। हमने सरकार से युवा आयोग के गठन की मांग भी की है।

गौरतलब है युवा नीति अप्रैल में बनकर तैयार हो गई थी। प्रदेश की नई युवा नीति तीस पेज की है। इसमें रोजगार देने वाली शिक्षा और रोजगार दिलाने पर खास जोर दिया गया है। नीति घोषित करने के लिए मुख्यमंत्री निवास में आयोजित पंचायतों की श्रृंखला में युवा पंचायत की भी तैयारी की गई थी। यह आयोजन 12 मई को होना था, लेकिन टल गया था।

युवा नीति में ये है खास
>> 15 वर्ष और अधिकतम 35 वर्ष की आयु वाले व्यक्ति युवा माने जाएंगे।
>> हर साल एक लाख युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य तय किया गया है। अभी रोजगार कार्यालयों में दर्ज बेरोजगारों की संख्या 20 लाख है।
>> अच्छे खिलाड़ियों को नौंवी से बारहवीं तक की पढ़ाई में तवज्जो मिलेगी।
>> बड़े अस्पतालों में एडोलसेंट (किशोरवय) क्लीनिक खोलकर नशे,यौन रोगों और एड्स के बारे में परामर्श देने की व्यवस्था की जाएगी।
>> नीति पर अमल के लिए राज्य स्तरीय कोष का निर्माण किया जाएगा।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: