जालंधर. आईसीएल (इंडियन क्रिकेट लीग) में खेल चुके जालंधर निवासी ईशान मल्होत्रा को रविवार सुबह ताया के बेटों ने जानलेवा हमला कर घायल किया और फिर दोपहर को उसके पिता से मारपीट करते हुए उनकी चने-भटूरे की दुकान पर तोड़फोड़ की।
ईशान मल्होत्रा को पटेल अस्पताल में दाखिल करवाया गया है, जबकि उसके पिता पवन को निजी अस्पताल दाखिल करवाया गया। ईशान के सिर पर करीब 60 टांके लगे हैं। जांच अधिकारी सुखविंदर सिंह के अनुसार पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मिट्टी गिरने पर हुआ विवाद
पवन ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे बेटी घर में झाड़ू लगा रही थी कि उपर (जंगले) से मिट्टी गिर गई। इस पर भतीजा प्रिंस गाली-गलौज करने लगा।
जब उसके बेटे ईशान ने विरोध किया तो उसे बेरहमी से पीटा गया। उसके बाद करीब साढ़े तीन बजे माई हीरां गेट स्थित फ्रैश कार्नर (चने भटूरे की दुकान) में प्रिंस ने साथियों सहित तोड़फोड़ करते हुए ईशान के पिता से मारपीट की। पवन ने कहा कि हमलावर जान से मारने की धमकी भी देकर गए हैं।